सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और पूर्व मॉडल हर्षा रिछारिया एक बार फिर सुर्खियों में हैं. महाकुंभ के दौरान 'खूबसूरत साध्वी' के नाम से वायरल हुई हर्षा ने अब औपचारिक रूप से सन्यास ग्रहण कर लिया है. उज्जैन के शिप्रा तट पर उन्होंने सन्यासी परंपरा के अनुसार अपना स्वयं का पिंडदान और तर्पण किया, जिसके बाद वे अब 'साध्वी हर्षानंद गिरी' के नाम से जानी जाएंगी. हालांकि, उनके इस कदम पर संत समाज ने कड़ा ऐतराज जताया है.
ADVERTISEMENT
यूटर्न के बाद सन्यास की दीक्षा
हर्षा रिछारिया कुछ समय पहले तब विवादों में आई थीं जब उन्होंने सनातन धर्म छोड़ने का ऐलान किया था. उन्होंने आरोप लगाया था कि धर्म से जुड़े लोग ही उन्हें प्रताड़ित कर रहे हैं. लेकिन अब उन्होंने अपने फैसले से यूटर्न लेते हुए सन्यास पथ को चुना है. अक्षय तृतीया के विशेष अवसर पर पंचायती निरंजनी अखाड़ा के महामंडलेश्वर स्वामी सुमनानंद गिरी महाराज ने उन्हें दीक्षा प्रदान की.
शिख और दंड त्याग के साथ पिंडदान
सन्यासी बनने की प्रक्रिया के दौरान हर्षा ने मौन तीर्थ गंगा घाट पर शिख (चोटी) और दंड त्याग की विधि पूरी की. सन्यास धर्म के नियमों के अनुसार, व्यक्ति को अपने पिछले जीवन और सांसारिक संबंधों से मुक्त होने के लिए खुद का श्राद्ध और पिंडदान करना पड़ता है, जो हर्षा ने विधि-विधान के साथ संपन्न किया. उन्होंने कहा कि अब उनका जीवन पूरी तरह से ईश्वर और गुरु के चरणों में समर्पित है.
संत समाज का कड़ा विरोध और बहिष्कार की मांग
हर्षा रिछारिया के साध्वी बनने पर अखिल भारतीय संत सन्यासी परिषद ने मोर्चा खोल दिया है. परिषद के सदस्यों का कहना है कि यह सनातन धर्म के खिलाफ एक षड्यंत्र है. उन्होंने सवाल उठाया कि जो व्यक्ति कुछ समय पहले सनातन धर्म को 'कचरा' बोलकर छोड़ने की बात कर रहा था, उसे इतनी जल्दी दीक्षा कैसे दी जा सकती है?
संत समाज ने दीक्षा देने वाले गुरुओं पर भी सवाल उठाए हैं और इसे 'पैसे लेकर दीक्षा देने' का खेल बताया है. परिषद ने मांग की है कि ऐसे लोगों का तत्काल प्रभाव से बहिष्कार होना चाहिए जो सनातन धर्म की छवि को नुकसान पहुंचाते हैं.
कौन हैं हर्षा रिछारिया?
हर्षा रिछारिया एक मशहूर मॉडल और कंटेंट क्रिएटर रही हैं. साल 2025 के प्रयागराज महाकुंभ के दौरान उनकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर जबरदस्त वायरल हुए थे, जिसके बाद उन्हें 'ग्लैमरस साध्वी' के तौर पर पहचान मिली थी. अब सन्यास लेकर उन्होंने अपने ग्लैमरस जीवन को पूरी तरह त्यागने का दावा किया है.
ADVERTISEMENT


