इंदौर के खंडवा में पत्नी की अफेयर की जानकारी मिली, पति ने ऐसा कदम उठा लिया कि पूरा इलाका ही कांप गया

Indore Crime News: इंदौर में पति-पत्नी और प्रेमी के बीच आपसी विवाद और प्रेम प्रसंग का एक खौफनाक मामला सामने आया है. इस विवाद के चलते गुस्से में आकर पति ने जो किया वो जानकर आप भी रह जाएंगे हैरान.

इंदौर के खंडवा से आया दिल दहला देने वाला मामला
इंदौर के खंडवा से आया दिल दहला देने वाला मामला

धर्मेंद्र कुमार शर्मा

follow google news

MP Crime News: मध्य प्रदेश के इंदौर और खंडवा जिले से एक ऐसा हैरान और झकझोर कर रख देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक हंसते-खेलते परिवार की टूटती कहानी ने बेहद खौफनाक मोड़ ले लिया. पति-पत्नी के रिश्ते के बीच उपजे एक कथित प्रेम प्रसंग, आपसी दूरियों, विवाद और गुस्से के चलते एक झटके में तीन जिंदगियां हमेशा-हमेशा के लिए खत्म हो गईं. इस दर्दनाक घटनाक्रम के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और हर कोई स्तब्ध है.

Read more!

क्या है पूरा विवाद?

इंदौर के मेघदूत नगर में रहने वाले हल्केवीर पटेल के घर में पिछले काफी समय से भारी तनाव का माहौल चल रहा था. पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, करीब डेढ़ साल पहले हल्केवीर को अपनी पत्नी रोशनी और सतीश सांवले नाम के एक युवक के बीच बढ़ती नजदीकियों (प्रेम प्रसंग) के बारे में पता चला था. इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होने लगे थे.

तनाव इस कदर बढ़ा कि कुछ दिनों पहले हल्केवीर अपने साले के साथ सतीश सांवले को समझाने के लिए पहुंचा था, लेकिन वहां बात सुलझने के बजाय और बिगड़ गई. दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई, जिसके बाद सतीश ने बेटमा थाने में हल्केवीर और उसके साले के खिलाफ पुलिस केस दर्ज करवा दिया. पुलिस केस होने के बाद से हल्केवीर गहरे मानसिक तनाव में रहने लगा था.

रात भर चली पंचायत

घटना वाली रात हल्केवीर के घर पर उसका साला देवेंद्र और भतीजा ललित भी मौजूद थे. सबके सामने हल्केवीर ने पत्नी रोशनी से नाराजगी जताते हुए कहा कि उसकी हरकतों की वजह से पूरा परिवार कोर्ट-कचहरी और विवादों में घिर गया है. रोशनी ने उस रात माहौल को शांत करने की कोशिश की और कहा कि वह खुद सतीश से बात करके सारा मामला हमेशा के लिए खत्म करवा देगी.

रोशनी ने रात में सतीश को फोन भी लगाया, लेकिन बातचीत से कोई नतीजा नहीं निकला. देर रात तक घर में तनावपूर्ण चर्चा चलती रही, जिसके बाद रिश्तेदार वहां से चले गए. लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि अगली सुबह क्या होने वाला है. रविवार सुबह हल्केवीर ने गुस्से में आकर पहले पत्नी रोशनी की हत्या कर दी और फिर खुद भी आत्मघाती कदम उठाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. दोनों के शवों को बाद में उनके पैतृक गांव बनखेड़ी (होशंगाबाद) ले जाया गया, जहां उनका अंतिम संस्कार हुआ.

प्रेमिका की मौत की खबर सुनते ही प्रेमी ने भी तोड़ा दम

मामले ने उस वक्त एक और खौफनाक मोड़ ले लिया जब इंदौर में हुए इस दोहरे हत्याकांड की खबर कथित प्रेमी सतीश सांवले तक पहुंची. सतीश खंडवा जिले के पंधाना क्षेत्र के घाटाखेड़ी गांव का रहने वाला था. बताया जा रहा है कि इंदौर की घटना के बाद वह अपने परिवार से मिलने घाटाखेड़ी पहुंचा था. वहां अपनी नाबालिग भांजी को राजोदा गांव छोड़ने के बाद, सतीश ने भी जहर खाकर आत्मघाती कदम उठा लिया. ग्रामीणों ने उसे गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका.

सुसाइड नोट में सामने आई बड़ी बातें

पुलिस को घटना स्थल से हल्केवीर द्वारा लिखा गया एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है. इस नोट में हल्केवीर ने अपनी पत्नी पर धोखा देने के गंभीर आरोप लगाए हैं. इसके साथ ही उसने अपनी मासूम बेटी की जिम्मेदारी अपने साले को सौंपने की बात लिखी है और कहा है कि उसकी संपत्ति बेटी के बालिग होने पर उसके नाम कर दी जाए. नोट में सतीश सांवले पर भी मारपीट कराने और उसका घर बर्बाद करने के आरोप लगाए गए हैं.

पुलिस का क्या है कहना?

इस मामले पर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हल्केवीर और रोशनी के शव बरामद होने के बाद मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई थी. शुरुआती जांच और सुसाइड नोट से यह बात सामने आई है कि पति को पत्नी और सतीश के बीच दोस्ताना संबंधों पर आपत्ति थी. पुलिस ने पुष्टि की है कि इस मामले के तीसरे मुख्य किरदार सतीश ने भी खंडवा में आत्मघाती कदम उठा लिया है और उसकी भी मौत हो चुकी है. फिलहाल पुलिस खंडवा से जुड़े इस पहलू को भी अपनी मर्ग जांच में शामिल कर हर एंगल से मामले की तफ्तीश कर रही है.

रिश्तों में बढ़ती दूरियों, अविश्वास और गुस्से में लिए गए एक आत्मघाती फैसले ने इंदौर से लेकर खंडवा तक तीन परिवारों को कभी न भूलने वाला जख्म दे दिया है.

 

    follow google news