'सामने बम गिरा है, हालात बहुत खराब हैं'...दुबई में परिवार संग फंसे इंदौर के पूर्व विधायक संजय शुक्ला, दिखाया घटना का वीडियो

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच दुबई से बेहद डराने वाली तस्वीरें सामने आई हैं. इंदौर के पूर्व विधायक संजय शुक्ला अपने परिवार के साथ दुबई में फंस गए हैं. उन्होंने वीडियो जारी कर आंखों देखा हाल बताया है कि कैसे दुबई एयरपोर्ट और रिहायशी इलाकों में बम गिर रहे हैं और लोग दहशत में हैं.

Sanjay Shukla in Dubai
Sanjay Shukla in Dubai

गौरव जगताप

follow google news

Sanjay Shukla in Dubai: ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच जारी तनाव का असर अब पर्यटन के सबसे बड़े केंद्र दुबई पर भी दिखने लगा है. यहां अपने परिवार के साथ घुमने गए इंदौर के पूर्व विधायक संजय शुक्ला फंसे हुए हैं. उनके साथ इंदौर के कई अन्य परिवार और बच्चे भी वहां मौजूद हैं. संजय शुक्ला ने वहां से एक वीडियो संदेश जारी किया है, जिसमें वे परेशान नजर आ रहे हैं. वीडियो में मौके के ताजा हालात बताते हुए भारत सरकार से मदद की अपील कर रहे हैं. 

Read more!

"सामने गिर रहे हैं बम, उठ रहा धुआं"

संजय शुक्ला ने वीडियो में इलाके का नजारा दिखाते हुए कह रहे हैं कि "आप देखिए अभी सामने बम गिरा है. वहां से लगातार धुआं उठ रहा है." उन्होंने आगे बताया कि दुबई एयरपोर्ट पर भी बमबारी हुई है, जिसके कारण वहां की स्थिति बेकाबू हो गई है. आसमान में लगातार उड़ते हुए बम और ड्रोन देखे जा सकते हैं, जिससे विदेशी पर्यटकों में हाहाकार मचा हुआ है.

पीएम मोदी और अमित शाह से वापसी की अपील

हालात की गंभीरता को देखते हुए संजय शुक्ला ने भारत सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से मदद की गुहार लगाई है. उन्होंने कहा कि दुबई में भारतीयों की एक बड़ी संख्या फंसी हुई है, जिनमें छोटे बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं. संजय शुक्ला ने बताया कि वहां लगातार इमरजेंसी अलार्म बजाए जा रहे हैं और लोगों को खिड़कियों से दूर रहने व कमरों के अंदर ही रहने की हिदायत दी जा रही है. उन्होंने सरकार से मांग की है कि जल्द से जल्द एयरलिफ्ट या अन्य माध्यमों से भारतीयों की सुरक्षित वतन वापसी सुनिश्चित की जाए.

बुर्ज खलीफा के पास ड्रोन हमला और ठप हुआ यातायात

रिपोर्ट्स के मुताबिक, दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा के पास भी ड्रोन हमला हुआ है. इस हमले के बाद सुरक्षा कारणों से दुबई एयरपोर्ट को पूरी तरह बंद कर दिया गया है. सभी अंतरराष्ट्रीय और घरेलू उड़ानें अनिश्चितकाल के लिए रद्द कर दी गई हैं. दुबई की सड़कों पर ट्रैफिक पूरी तरह जाम है और लोगों को सुरक्षित ठिकानों पर जाने के लिए कहा गया है. 

मध्य प्रदेश के 100 से ज्यादा यात्री फंसे

दुबई के शारजाह एयरपोर्ट से इंदौर आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ानें रद्द होने के कारण मध्य प्रदेश के 100 से अधिक यात्री वहां फंस गए हैं. यात्रियों के परिजनों में भारी चिंता का माहौल है. इंदौर और एमपी के अन्य शहरों से गए कई परिवार अब अपनी वापसी के लिए भारत सरकार की ओर उम्मीद भरी निगाहों से देख रहे हैं.

 

    follow google news