'उस दरिंदे की शक्ल भी नहीं देखना चाहता,' गर्लफ्रेंड को न्यूड कर मारने वाले किलर पीयूष के पिता ने 'एमपी तक' से की बात, तोड़ लिया रिश्ता!

Indore Murder Case: इंदौर में गर्लफ्रेंड की जघन्य हत्या के आरोपी पीयूष धामोदिया के पिता ने एमपी तक से खास बातचीत में बेटे से रिश्ता तोड़ने का ऐलान किया. मंदसौर निवासी पिता ने कहा, 'उस दरिंदे की शक्ल भी नहीं देखना चाहता.' पढ़ाई के लिए भेजे बेटे के अपराधी बनने, नशे की लत, शादी की बात और पुलिस जांच पर उन्होंने कई चौंकाने वाले खुलासे किए. जानिए पूरा मामला.

Indore murder case update
किलर बॉयफ्रेंड पीयूष के पिता ने तोड़ा रिश्ता

अजय बाड़ोलिया

follow google news

इंदौर में अपनी गर्लफ्रेंड की जघन्य हत्या करने वाले आरोपी पीयूष धामोदिया के पिता का दर्द और गुस्सा फूट पड़ा है. मंदसौर में रहने वाले पीयूष के पिता ने 'एमपी तक' से खास बातचीत में अपने बेटे को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे किए और साफ लफ्जों में कह दिया कि अब उनके लिए उनका बेटा मर चुका है. आपको बता दें कि इस मामले ने इंदौर के साथ-साथ पूरे देश में तहलका मचा रखा है. आइए विस्तार से जानते हैं एमपी तक के साथ खास बातचीत में उन्होंने क्या-कुछ कहा है.

Read more!

'पढ़ने भेजा था, दरिंदगी करने नहीं'

पीयूष के पिता ने भरे गले से कहा कि उन्होंने अपने बेटे को इंदौर एमबीए (MBA) की पढ़ाई के लिए भेजा था ताकि वह कुछ बनकर लौटे और परिवार का नाम रोशन करे. उन्होंने बताया कि पीयूष ने वादा किया था कि वह खूब पढ़ेगा, लेकिन उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि वह एक अपराधी बन जाएगा. पिता ने कहा, 'मैंने उसे पढ़ने भेजा था, कोई जघन्य अपराध या दरिंदगी करने के लिए नहीं.'

शादी की बात और पिता की चेतावनी

पिता ने बताया कि जनवरी की शुरुआत में उन्होंने पीयूष के मोबाइल में एक लड़की (मृतका) का फोटो देखा था. पूछने पर पीयूष ने इसे केवल दोस्ती बताया, लेकिन पिता ने सख्ती दिखाते हुए लड़की से भी बात की थी. उन्होंने लड़की को समझाया था कि दोनों अभी पढ़ाई पर ध्यान दें. पीयूष ने जब शादी की इच्छा जताई, तो पिता ने मना नहीं किया था, बल्कि शर्त रखी थी कि 2 साल की पढ़ाई पूरी होने और नौकरी लगने के बाद वे खुद उसकी शादी करवाएंगे.

'ऐसे जानवर से मुझे बात नहीं करनी'

पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद जब पुलिस ने पिता से पूछा कि क्या वे अपने बेटे से मिलना चाहते हैं, तो उन्होंने साफ इनकार कर दिया. पिता ने कहा, 'मुझे ऐसे जानवरों या दरिंदों से बात नहीं करनी, न ही उसकी शक्ल देखनी है. मैंने प्रशासन से कह दिया है कि उसे कड़ी से कड़ी सजा दी जाए.' उन्होंने पुलिस को यह भी आश्वासन दिया है कि वे जांच में पूरी मदद करेंगे और जब भी जरूरत होगी हाजिर रहेंगे.

नशे की लत ने बना दिया 'हैवान'

पिता के मुताबिक, इंदौर जाने के बाद पीयूष गलत संगत में पड़ गया था. उन्हें इंदौर में जानकारी मिली कि पीयूष नशे का आदी हो गया था. घटना के बाद कमरे से मिले बीयर के डिब्बों और अन्य नशीली वस्तुओं ने इस बात की पुष्टि कर दी कि वह पूरी तरह नशे की गिरफ्त में था, जिसने शायद उसे इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के लिए उकसाया.

समाज और युवाओं को संदेश

पीयूष के पिता ने हाथ जोड़कर समाज से माफी मांगी और कहा कि अगर इसमें उनकी कोई गलती हो तो उन्हें भी सजा दी जाए. उन्होंने बाहर रहकर पढ़ाई करने वाले बच्चों को संदेश दिया कि वे अपने माता-पिता से कोई बात न छुपाएं, क्योंकि हर समस्या का समाधान माता-पिता के पास होता है.

यहां देखें वीडियो

यह खबर भी पढ़ें: इंदौर में अपनी गर्लफ्रेंड को न्यूड कर जान लेने वाले पीयूष के पड़ोसियों ने कर दिए चौंकाने वाले खुलासे

    follow google news