मलबे में आशियाना तलाशते 42 परिवार: इंदौर के कृष्णबाग में टूटे घर, लोगों का फूटा गुस्सा, "नेता वोट ले गए, निगम टैक्स"

इंदौर के कृष्णबाग सेक्टर-सी में कोर्ट के आदेश पर 42 मकान ढहाए जाने से कई परिवार बेघर हो गए हैं. 1985 से चले जमीन विवाद, आईडीए एनओसी और नगर निगम की भूमिका पर पढ़ें पूरी रिपोर्ट

Indore News
Indore Krishnabagh houses demolished
Google CTA

इंदौर: एमआर-10 स्थित कृष्णबाग सेक्टर-सी में प्रशासन और नगर निगम ने कार्रवाई करते हुए 42 मकान तोड़ दिए हैं. इस कार्रवाई के बाद कई परिवार बेघर हो गए हैं और लोग मलबे के बीच अपने जरूरी सामान तलाशने को मजबूर हैं. प्रभावित परिवारों में गुस्सा और निराशा साफ दिख रही है. लोगों का कहना है कि चुनाव के समय नेता सिर्फ वोट मांगने आते हैं, जबकि नगर निगम नियमित रूप से विभिन्न करों और कचरा शुल्क की वसूली करता रहा, लेकिन जब कार्रवाई की बारी आई तो उन्हें बेघर कर दिया गया.

Read more!

प्रशासन और नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के आदेशों के तहत की गई है. हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम ने सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली और जवाबदेही पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.

1985 से 2019 तक: विवादों और फैसलों की लंबी कड़ी

यह विवाद कोई अचानक सामने आया मसला नहीं है, बल्कि इसकी जड़ें दशकों पुरानी हैं:

  • 1985 की शुरुआत: सर्वे नंबर 66/2 की करीब साढ़े चार एकड़ जमीन मूल रूप से अली मोहम्मद की थी. इसका पहला सौदा 1985 में देवी अहिल्या श्रमिक संस्था के साथ हुआ था, लेकिन धारा 20 के तहत स्टांप ड्यूटी में छूट न मिलने के कारण सौदा पूरा नहीं हो सका.
  • 2003 का सौदा और मंजूरी: इसके बाद यह जमीन न्याय विभाग की गृह निर्माण संस्था के पास पहुंची और मार्च 2003 में श्रीराम बिल्डर्स को बेच दी गई. इस मामले में सहकारिता विभाग की भूमिका अहम मानी जा रही है, जिसने फरवरी 2003 में ही बिक्री की मंजूरी दे दी थी. सवाल उठ रहे हैं कि जब वहां संस्था के 136 प्लॉटधारकों के अधिकार और प्लॉट जुड़े थे, तो किन परिस्थितियों में यह अनुमति दी गई.
  • योजनाओं का फेरबदल: वर्ष 2006 में यह जमीन इंदौर विकास प्राधिकरण (आईडीए) की योजना क्रमांक 132 में शामिल हुई. बाद में योजना लैप्स होने पर यहां योजना क्रमांक 171 लागू की गई. राज्य सरकार की ओर से दो बार आईडीए को एनओसी देने के निर्देश दिए गए और अंततः हाईकोर्ट के आदेश के बाद सितंबर 2019 में श्रीराम बिल्डर्स को आईडीए से एनओसी मिल सकी.

विवाद के बावजूद कैसे बसी कॉलोनी? 

न्याय नगर संस्था और श्रीराम बिल्डर्स के बीच 2003 से अदालत में विवाद चलने के बावजूद क्षेत्र में प्लॉटों की बिक्री और मकानों का निर्माण जारी रहा. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि विवादित जमीन पर अवैध प्लॉटिंग और निर्माण रोकने की जिम्मेदारी सहकारिता विभाग और प्रशासन ने समय रहते क्यों नहीं निभाई?

वहीं, नगर निगम की निगरानी व्यवस्था भी कटघरे में है. शहर में छोटे व्यापारियों और ठेले वालों पर तुरंत कार्रवाई करने वाले निगम ने विवादित क्षेत्र में बनते मकानों की वैधता की पड़ताल क्यों नहीं की, जबकि वहां के निवासियों से कचरा शुल्क और अन्य टैक्स लगातार वसूले जाते रहे.

इंदौर में अवैध कॉलोनियों की स्थिति 

नगर निगम के रिकॉर्ड के अनुसार, इंदौर में करीब 660 अवैध कॉलोनियां चिह्नित की गई हैं. इनमें से 155 कॉलोनियों को नियमित करने का प्रस्ताव निगम कमिश्नर के पास लंबित है, जबकि लगभग 500 कॉलोनियां नियमितीकरण के दायरे से बाहर हैं. इसके अलावा, पिछले दो महीनों में नई अवैध कॉलोनियों में प्लॉट बेचने से जुड़ी 30 से अधिक शिकायतें भी सामने आई हैं.

कृष्णबाग में 42 मकानों के ध्वस्तीकरण ने प्रभावित परिवारों के सामने आजीविका और आशियाने का बड़ा संकट खड़ा कर दिया है. साथ ही यह घटनाक्रम इस सवाल को भी गहरा करता है कि जमीन के सौदों से लेकर कॉलोनी बसने तक जिम्मेदार विभागों की निगरानी कहां थी.