इंदौर: किराए के फ्लैट में चल रही थी हाईप्रोफाइल पार्टी, पुलिस को देखते ही गाड़ियां छोड़कर भागीं लड़कियां, जानें पूरा मामला

इंदौर के लसूड़िया क्षेत्र में बिना अनुमति के एक विला में चल रही हाईप्रोफाइल प्राइवेट पार्टी पर पुलिस ने देर रात अचानक छापा मारा. पुलिस की रेड पड़ते ही पार्टी में भगदड़ मच गई.

इंदौर के फ्लैट में चल रही थी पार्टी
इंदौर के फ्लैट में चल रही थी पार्टी

धर्मेंद्र कुमार शर्मा

follow google news

मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां के लसूड़िया थाना क्षेत्र में बिना प्रशासनिक अनुमति के धड़ल्ले से आयोजित की जा रही एक हाईप्रोफाइल प्राइवेट पार्टी पर पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस की अचानक हुई इस छापेमारी (रेड) से पार्टी में हड़कंप मच गया और वहां मौजूद लड़कियां और युवक अपनी गाड़ियां छोड़कर भागने लगे. पुलिस ने इस मामले में इवेंट के 5 आयोजकों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है.

Read more!

ऑनलाइन प्लेटफॉर्म Airbnb के जरिए बुक किया था मकान

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, इंदौर के पॉश इलाके लसूड़िया थाना क्षेत्र के एक बड़े मकान में यह हाईप्रोफाइल इवेंट आयोजित किया गया था. आयोजकों ने इस पूरे विला/मकान को ऑनलाइन रेंटल प्लेटफॉर्म Airbnb के जरिए किराए पर लिया था. इसके बाद सोशल मीडिया और चुनिंदा ग्रुप्स के माध्यम से युवाओं को इस पार्टी का इनविटेशन भेजा गया था. पार्टी में देर रात तक तेज म्यूजिक, शराब और भारी भीड़ जुटी हुई थी, जिसकी भनक पुलिस को लग गई.

पुलिस को देख लड़कियां भागने लगीं, गाड़ियां जब्त

लसूड़िया थाना पुलिस को जब इनपुट मिला कि बिना किसी अनुमति और नियमों को ताक पर रखकर कमर्शियल लेवल की पार्टी की जा रही है, तो पुलिस टीम ने तुरंत वहां दबिश दी. पुलिस के विला के अंदर घुसते ही पार्टी में चीख-पुकार मच गई. वहां मौजूद कई रईसजादे और युवतियां पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए पीछे के रास्तों और छतों से भागने लगे. इस भगदड़ में कई लोग अपनी महंगी गाड़ियां और कीमती सामान भी मौके पर ही छोड़ गए, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया है.

5 आयोजकों पर केस दर्ज, जांच जारी

पुलिस ने मौके पर चल रहे अवैध शराब के स्टॉक और डीजे सिस्टम को सील कर दिया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने इवेंट का आयोजन करने वाले 5 मुख्य आयोजकों को चिन्हित कर उनके खिलाफ नामजद एफआईआर (केस) दर्ज की है और उन्हें तत्काल हिरासत में ले लिया है. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या इस पार्टी में शराब के अलावा किसी अन्य नशीले पदार्थ या ड्रग्स का इस्तेमाल भी किया जा रहा था या नहीं. साथ ही मकान मालिक से भी पूछताछ की जा रही है कि नियमों के खिलाफ जाकर इस तरह के कमर्शियल इवेंट के लिए फ्लैट या विला कैसे किराए पर दिया गया.


 

    follow google news