Indore MBA Student Murder Case: इंदौर के द्वारकापुरी इलाके में 13 फरवरी को एक कमरे में नग्न हालत में एक महिला की लाश मिली थी. इस मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए मुख्य आरोपी पियूष धामनोदिया को मुंबई से गिरफ्तार किया और इंदौर लाकर उससे पूछताछ की. अब पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में सेंट्रल जेल भेज दिया है.
ADVERTISEMENT
एसीपी शिवेंदु जोशी के मुताबिक आरोपी के खिलाफ धारा 103 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है. गिरफ्तारी के बाद उसे तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया था. इस दौरान पुलिस ने आरोपी से गहन पूछताछ की और उसकी निशानदेही पर घटनास्थल का रिक्रिएशन भी किया. इससे जांच टीम को कई अहम सुराग मिले हैं.
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि हत्या की वजह आपसी विवाद और ईर्ष्या थी. उसने बताया कि युवती का अन्य युवकों से बातचीत करना और उसकी बातों को नजरअंदाज करना उसे नागवार गुजरता था. इसी गुस्से में उसने वारदात को अंजाम दिया.
रिमांड का समय हुआ पूरा
रिमांड की अवधि पूरी होने पर पुलिस ने आरोपी को दोबारा अदालत में पेश किया, जहां से उसे सेंट्रल जेल भेज दिया गया. फिलहाल पुलिस को विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है. रिपोर्ट आने के बाद अगर जरूरत पड़ी तो यौन अपराध से जुड़ी धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं. पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है ताकि सच्चाई पूरी तरह सामने आ सके और पीड़िता को न्याय मिल सके.
ADVERTISEMENT

