'अब मैं अपने असली परिवार के पास...', प्रेमानंद महाराज के प्रवचनों से प्रभावित होकर इंदौर में 13 साल के बच्चे ने छोड़ा घर, चिट्ठी में लिखी ये सब बातें!

Indore Missing Boy: इंदौर में 13 साल का एक बालक संत प्रेमानंद महाराज के प्रवचनों से प्रभावित होकर घर छोड़कर चला गया. जाते समय उसने माता-पिता के नाम एक भावुक पत्र भी छोड़ा. पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आशंका है कि बालक वृंदावन जा सकता है.

Indore
Indore

धर्मेंद्र कुमार शर्मा

follow google news

Indore Missing Boy: मध्य प्रदेश के इंदौर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां 13 साल का एक बालक आध्यात्मिक प्रभाव में आकर अचानक घर छोड़कर चला गया. बताया जा रहा है कि वह वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज के प्रवचनों से बेहद प्रभावित था. बालक के अचानक गायब होने से परिवार में चिंता और बेचैनी का माहौल है.

Read more!

यह घटना इंदौर के खजराना थाना क्षेत्र स्थित श्री कृष्ण विहार कॉलोनी की है. परिजनों के अनुसार, बालक पिछले कुछ समय से आध्यात्मिक प्रवचनों में गहरी रुचि लेने लगा था. इसी दौरान उसने घर छोड़ने का फैसला कर लिया.

विदाई लैटर ने बढ़ाई परिवार की चिंता

घर से निकलने से पहले बालक अपने माता-पिता के लिए एक पत्र छोड़ गया. इस पत्र को पढ़कर परिवार के लोग भावुक हो गए. पत्र में बालक ने लिखा- "मम्मी-पापा, मुझे ढूंढने की कोशिश मत करना. आपके साथ मेरा जीवन पूरा हो गया है. अब मैं अपने असली परिवार  यानी ईश्वर और आध्यात्मिक परिवार के पास जा रहा हूं."

पत्र में यह भी लिखा था कि वह घर से करीब 500 रुपये लेकर गया है और वह रकम उसका एक दोस्त वापस कर देगा. परिजन फिलहाल सदमे में हैं और रो-रोकर बेहाल हैं.

CCTV में कैद हुई बच्चे की तस्वीर

जांच के दौरान पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज मिला है. इसमें बालक कंधे पर बैग टांगकर घर से बाहर जाता दिखाई दे रहा है. माना जा रहा है कि वह किसी यात्रा के इरादे से घर से निकला था.

परिवार के अनुसार, बालक के पिता ड्राइवर हैं और वे अपने बेटे को अच्छी शिक्षा और बेहतर भविष्य देना चाहते थे. लेकिन हाल के दिनों में बालक का झुकाव धार्मिक और आध्यात्मिक प्रवचनों की ओर बढ़ गया था.

पुलिस ने शुरू की तलाश

मामले की सूचना मिलते ही खजराना पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है. एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के अनुसार, बच्चे की तलाश के लिए पुलिस की विशेष टीमें बनाई गई हैं.

पुलिस आसपास के इलाकों, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. अधिकारियों को आशंका है कि बालक वृंदावन की ओर जा सकता है, जहां प्रेमानंद महाराज का आश्रम स्थित है.

लोगों से की गई अपील

पुलिस सोशल मीडिया और अपने नेटवर्क के जरिए बच्चे की तलाश में जुटी हुई है. परिजनों ने भी लोगों से अपील की है कि यदि किसी को इस बालक के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत खजराना पुलिस को सूचना दें.

    follow google news