"पापा को मत मारो..." मासूम की चीखों से दहला इंदौर, पिता के हत्यारों को फांसी दिलाने सड़क पर उतरा 8 साल का बेटा!

इंदौर में बाइक का स्टैंड ठीक करने की मामूली बात पर बदमाशों ने 8 साल के बेटे के सामने उसके पिता सुरेंद्र साहू की चाकू मारकर हत्या कर दी. घटना के बाद इलाके में भारी तनाव है और पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश

धर्मेंद्र कुमार शर्मा

follow google news

मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. शहर के हीरानगर थाना क्षेत्र में रविवार की शाम को एक पिता की उसके 8 साल के मासूम बेटे के सामने बेरहमी से हत्या कर दी गई. नशे में धुत बदमाशों ने केवल एक मामूली नसीहत पर सुरेंद्र साहू नाम के व्यक्ति पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. 

Read more!

क्या थी हत्या की वजह?

रिपोर्ट के मुताबिक, सुरेंद्र साहू अपने 8 साल के बेटे के साथ घर लौट रहे थे. रास्ते में उन्होंने एक युवक को अपनी बाइक का स्टैंड ठीक से लगाने की नसीहत दी. बस इतनी सी बात नशे में धुत बदमाशों को नागवार गुजरी. पहले उन्होंने गाली-गलौज की और जब सुरेंद्र ने विरोध किया, तो बदमाशों ने अपने साथियों को फोन करके बुला लिया. करीब 6 लोगों ने मिलकर सुरेंद्र को घेर लिया और मासूम बच्चे की आंखों के सामने उन पर चाकुओं से वार करना शुरू कर दिया.

मासूम बच्चे ने बयां किया खौफनाक मंजर

मृतक के 8 साल के बेटे ने रोते हुए बताया कि बदमाशों ने उसके पिता को दौड़ा-दौड़ा कर मारा. बच्चे ने बताया, "मेरे पापा ने बस इतना कहा था कि ढंग से बोल सकते थे, लेकिन उन्होंने चाकू निकाल लिया. मैंने बचाने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने पत्थर मारना शुरू कर दिया." बच्चे ने आरोपियों के नाम विवेक और आशिक भी बताए हैं.

सीसीटीवी में कैद हुए बेखौफ अपराधी

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें अपराधी हाथों में धारदार हथियार लिए बेखौफ घूमते नजर आ रहे हैं. इस हत्याकांड के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है. लोगों ने सड़क पर उतरकर जमकर प्रदर्शन किया और आरोपियों को फांसी देने की मांग की. स्थानीय निवासियों का आरोप है कि हीरानगर और जामनगर इलाका नशाखोरी का अड्डा बन चुका है, लेकिन पुलिस कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है.

प्रशासन का रुख

पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले में संज्ञान ले लिया गया है और तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है. हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया गया है. पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपियों के खिलाफ ऐसी कठोर कार्रवाई की जाएगी जो एक नजीर बनेगी. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कुछ आरोपी नाबालिग हैं या नहीं.

 

    follow google news