मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां टीवी एक्ट्रेस रेमन कक्कड़ ने शहर के एक रसूखदार शराब कारोबारी सूरज रजक पर उनकी 300 करोड़ रुपये की कीमती जमीन पर अवैध कब्जा करने और धोखाधड़ी करने का गंभीर आरोप लगाया है. इस मामले में एक्ट्रेस की शिकायत के बाद इंदौर की लसूड़िया पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
एक्ट्रेस रेमन कक्कड़ के मुताबिक, देवास नाका क्षेत्र में उनकी और उनके परिवार की करीब 6.84 हेक्टेयर की पुश्तैनी जमीन है. इस जमीन का एक हिस्सा (सवा एकड़) उन्होंने इंदौर विकास प्राधिकरण (IDA) को सड़क चौड़ीकरण के लिए मुफ्त में दिया था. आरोप है कि शराब कारोबारी सूरज रजक ने इसी जमीन पर अवैध रूप से खंभे गाड़कर कब्जा करने और वहां शराब की दुकान (Wine Shop) खोलने की कोशिश की.
धमकाने और दबाव बनाने का आरोप
एक्ट्रेस का कहना है कि सूरज रजक ने पहले उनके पति और भाई से जमीन किराए पर लेने की बात की थी, लेकिन परिवार ने शराब की दुकान के लिए जमीन देने से साफ इनकार कर दिया. इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर उन पर दबाव बनाना शुरू किया और फोन पर धमकियां भी दीं. जब एक्ट्रेस को जमीन पर कब्जे की सूचना मिली, तो उन्होंने तुरंत डायल 100 को फोन किया, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर काम रुकवाया.
पुलिस की कार्रवाई
शुरुआत में एफआईआर दर्ज करने में आनाकानी के बाद, मामले के तूल पकड़ते ही लसूड़िया थाना पुलिस ने देर रात सूरज रजक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 329 के तहत मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोनों पक्षों के दस्तावेजों की जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT


