इंदौर: मध्य प्रदेश को फिल्म शूटिंग का हब बनाने और फिल्म टूरिज्म को बढ़ावा देने के सरकारी दावों के बीच देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. शहर में एक वेब सीरीज की शूटिंग के दौरान कथित तौर पर पुलिस की बदसलूकी और पैसों की मांग से परेशान होकर मुंबई से आई पूरी प्रोडक्शन यूनिट ने काम बंद कर दिया है. नाराज़ टीम ने इंदौर में आगे की शूटिंग रद्द कर दी है और अब वह वापस मुंबई लौट गई है.
ADVERTISEMENT
वीडियो जारी कर लगाए वसूली और अभद्रता के आरोप
इस वेब सीरीज में राकेश दुग्गल और ईशा तलवार जैसे नामी कलाकार काम कर रहे हैं. इस पूरी यूनिट को इंदौर लाने वाले कलाकार कपिल खादीवाला ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर इंदौर पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं. कपिल का कहना है कि उन्होंने मुंबई की टीम को भरोसा दिलाया था कि इंदौर में प्रशासन और पुलिस का पूरा सहयोग मिलेगा, लेकिन जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल उलट निकली.
कपिल ने आरोप लगाया कि शूटिंग की परमिशन लेने के लिए उन्हें एसीपी से लेकर पुलिस कमिश्नर दफ्तर तक के चक्कर काटने पड़े. हद तो तब हो गई जब कनाड़िया इलाके में शूटिंग के दौरान पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और भीड़ का हवाला देकर कथित तौर पर पैसों की मांग करने लगे. आरोप है कि पैसे न देने पर महिला पुलिसकर्मियों और अन्य स्टाफ ने पूरी यूनिट के साथ अभद्र व्यवहार किया. इस घटना से आहत टीम अब किसी दूसरे राज्य में शूटिंग करने पर विचार कर रही है.
"कमिश्नर साहब में सलमान खान से भी ज्यादा एटिट्यूड"
कपिल खादीवाला ने यह भी बताया कि जब वे इस मामले की शिकायत करने पुलिस कमिश्नर के पास पहुंचे, तो वहां भी उन्हें निराशा हाथ लगी. कमिश्नर से मुलाकात न होने पर कपिल ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि "कमिश्नर साहब में तो सलमान खान से भी ज्यादा एटिट्यूड है."
उन्होंने पुरानी घटना का जिक्र करते हुए याद दिलाया कि दिसंबर 2024 में लालबाग में फिल्म ‘गौरीशंकर गौहरगंज वाले’ की शूटिंग के दौरान भी पुलिस ने इसी तरह अड़ंगे लगाए थे, तब मंत्री तुलसी सिलावट के दखल के बाद काम शुरू हो पाया था. अब एक बार फिर कपिल ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, सांसद शंकर लालवानी और महापौर पुष्यमित्र भार्गव से इस मामले में हस्तक्षेप करने की गुहार लगाई है.
इंदौर पुलिस कमिश्नर का बयान और पुलिस का पक्ष
मामला तूल पकड़ने के बाद अब इस पर इंदौर पुलिस कमिश्नर का बयान भी सामने आया है. कमिश्नर ने कहा है कि इस पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है. साथ ही उन्होंने यह चेतावनी भी दी है कि यदि जांच में यह पाया गया कि किसी ने पुलिस की छवि को जानबूझकर खराब करने की कोशिश की है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
वहीं, इस पूरे विवाद पर पुलिस का पक्ष भी सामने आया है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यूनिट को केवल रात 11 बजे तक ही शूटिंग करने की अनुमति दी गई थी, लेकिन वे रात 11 बजे के बाद भी शूटिंग जारी रखे हुए थे. जब पुलिस टीम ने नियम का हवाला देते हुए शूटिंग रोकने को कहा, तो यूनिट के सदस्यों ने ही पुलिसकर्मियों के साथ बदतमीजी की.
प्रदेश की छवि पर सवाल
एक तरफ मध्य प्रदेश सरकार प्रदेश में फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित कर स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने की बात कर रही है, वहीं दूसरी तरफ इस तरह के विवादों से प्रदेश की छवि पर असर पड़ रहा है. अब यह देखना होगा कि इस मामले में जांच के बाद क्या सच सामने आता है और शीर्ष नेतृत्व इस पर क्या संज्ञान लेता है.
ADVERTISEMENT


