सिंगल है.. साथ चलेगी क्या.. इंदौर में रात के अंधेरे में महिला पुलिसकर्मी के साथ ही हो गई छेड़खानी, फिर मनचले को ऐसे सिखाया गया सबक

इंदौर पुलिस ने महिला सुरक्षा के लिए मेघदूत गार्डन में सादी वर्दी में लेडी पुलिसकर्मियों को तैनात कर एक स्टिंग ऑपरेशन चलाया. इस दौरान छेड़खानी करने वाले एक आईटी प्रोफेशनल को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर सख्त संदेश दिया.

इंदौर स्टिंग ऑपरेशन न्यूज
इंदौर स्टिंग ऑपरेशन न्यूज

धर्मेंद्र कुमार शर्मा

follow google news

मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी और देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर को अब 'सेफ सिटी' बनाने के लिए पुलिस ने एक अनोखा अभियान शुरू किया है. इंदौर के विजयनगर इलाके में पुलिस ने महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों को रोकने के लिए एक 'स्टिंग ऑपरेशन' चलाया, जिसमें एक मनचला रंगे हाथों पकड़ा गया. दरअसल घटना रविवार देर रात करीब 12 से 1 बजे के बीच की है. मेघदूत गार्डन के आसपास से लगातार छेड़खानी और ईव-टीजिंग (Eve-teasing) की शिकायतें मिल रही थीं. इन शिकायतों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने जाल बिछाया. सादी वर्दी में महिला पुलिसकर्मियों को इलाके में पैदल घूमने के लिए भेजा गया, जबकि बैकअप टीम पास में ही कार में सवार होकर कैमरों के जरिए हर गतिविधि पर नजर रख रही थी.

Read more!

सिंगल हो क्या? साथ चलोगी? कहना पड़ा भारी

जैसे ही एक महिला पुलिसकर्मी सड़क से गुजर रही थी तभी एक्टिवा सवार एक युवक उनके पास पहुंचा. युवती को अकेला समझकर उसने अपनी रफ्तार धीमी की और छेड़खानी करते हुए पूछा, "सिंगल हो क्या? साथ चलोगी?" युवक को इस बात का अंदाजा भी नहीं था कि वह जिसे आम लड़की समझ रहा है, वह असल में ड्यूटी पर तैनात एक लेडी कांस्टेबल है. जैसे ही युवक ने बदतमीजी की, पहले से घात लगाकर बैठी पुलिस टीम ने उसे तुरंत दबोच लिया. जो युवक कुछ देर पहले रौब झाड़ रहा था, पुलिस की गिरफ्त में आते ही वह गिड़गिड़ाने लगा और हाथ जोड़कर माफी मांगने लगा.

IT कंपनी में काम करता है आरोपी

पकड़े गए आरोपी की पहचान सर्वेश के रूप में हुई है, जो शहर की एक प्रतिष्ठित आईटी (IT) कंपनी में काम करता है. पुलिस फिलहाल आरोपी का पुराना रिकॉर्ड (Antiscedents) खंगाल रही है और उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.

इंदौर बनेगा 'सेफ सिटी'

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर के भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील इलाकों को चिन्हित किया गया है. आने वाले समय में भी इसी तरह के स्टिंग ऑपरेशन जारी रहेंगे ताकि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके. पुलिस का लक्ष्य इंदौर को क्लीन सिटी के साथ-साथ महिलाओं के लिए सबसे सुरक्षित शहर बनाना है.


 

    follow google news