MP Crime News: शिवगंगे पहाड़ियों से लापता अद्वैत ने अपनी मंगेतर को आखिरी कॉल में क्या बताया था ?

न्यूज तक डेस्क

• 11:44 AM • 14 Aug 2026

MP Crime News: इंदौर के सॉफ्टवेयर इंजीनियर अद्वैत उपाध्याय बेंगलुरु की शिवगंगे पहाड़ियों पर ट्रैकिंग के दौरान रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए हैं. पुलिस, SDRF और NDRF की टीमें सांतला ड्रॉप इलाके में उनके बैग, ड्रोन और AI सर्च हिस्ट्री के सुरागों के आधार पर लगातार 7वें दिन तलाश में जुटी हैं.

इंदौर के सॉफ्टवेयर इंजीनियर अद्वैत उपाध्याय शिवगंगे पहाड़ियों से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता
इंदौर के सॉफ्टवेयर इंजीनियर अद्वैत उपाध्याय शिवगंगे पहाड़ियों से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता
Google CTA

इंदौर के रहने वाले और बेंगलुरु की एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत सॉफ्टवेयर इंजीनियर अद्वैत उपाध्याय का 7 दिन बाद भी कोई सुराग नहीं लग सका है. बेंगलुरु के नेलामंगला स्थित लगभग 4,500 फीट ऊंची शिवगंगे पहाड़ियों पर ट्रैकिंग के दौरान उनके रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला गहराता जा रहा है. पुलिस, एसडीआरएफ (SDRF), एनडीआरएफ (NDRF), फायर ब्रिगेड और वन विभाग की संयुक्त टीमें दुर्गम चट्टानों और बारिश की फिसलन के बीच चप्पे-चप्पे पर सर्च ऑपरेशन चला रही हैं.

Read more!

सांतला ड्रॉप के पास मिला सामान

जांच एजेंसियों की मुख्य नजर शिवगंगे पहाड़ी के 'सांतला ड्रॉप' इलाके पर टिकी हुई है. पुलिस को इसी क्षेत्र से अद्वैत का मोबाइल, बैग, स्वेटर और ड्रोन बरामद हुआ है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अद्वैत के लैपटॉप से मिली सर्च हिस्ट्री ने जांच टीम के सामने नए सवाल खड़े कर दिए हैं. अद्वैत ने लापता होने से पहले कई एआई टूल्स (AI Tools) पर सर्च किया था, जिसकी बारीकी से जांच की जा रही है. इसके अलावा, डिजिटल गतिविधियों के अनुसार अद्वैत 4 अगस्त को ही शिवगंगे पहाड़ी पहुंच गए थे, जबकि उनकी मंगेतर के अनुसार वह 7 अगस्त की सुबह ट्रैकिंग के लिए निकले थे. पुलिस अब 4 से 7 अगस्त के बीच की उनकी सभी गतिविधियों की कड़ियां जोड़ रही है.

मंगेतर को की थी आखिरी कॉल

अद्वैत की मंगेतर ने 7 अगस्त की रात को बेंगलुरु के कडुगोड़ी पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी. मंगेतर ने पुलिस को बताया कि 7 अगस्त की सुबह अद्वैत ने उन्हें कॉल कर जानकारी दी थी कि वह शिवगंगे पहाड़ी पर ट्रैकिंग के लिए जा रहे हैं, लेकिन इसके बाद से उनसे कोई संपर्क नहीं हो सका.

पुलिस अब अद्वैत के नाम पर जारी सिम कार्ड्स, 6 और 7 अगस्त की कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स (CDR) और उनकी महिला मित्रों व परिचितों की जानकारी जुटा रही है. वहीं, सांतला ड्रॉप से मिले ड्रोन को लेकर डीलर और पेमेंट मोड की भी जांच की जा रही है.

कैलाश विजयवर्गीय ने परिवार को दिलाया भरोसा

अद्वैत अपने माता-पिता के इकलौते बेटे हैं. उनके पिता का निधन हो चुका है और मां इंदौर में अकेली रहती हैं. अद्वैत के लापता होने की जानकारी मिलने पर मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने उनके परिवार से बात की और बेंगलुरु पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क कर पूरी मदद का आश्वासन दिया है. इंदौर पुलिस कमिश्नर भी बेंगलुरु पुलिस के लगातार संपर्क में हैं और जांच से जुड़े अपडेट्स ले रहे हैं.

ये भी पढ़ें: Indore crime news: महिला क्रिकेटर को छेड़ने वाला नाइट्रा ही निकला 12 साल पुराने ब्लांइड मर्डर का मास्टरमाइंड, आपसी विवाद में खुला पूरा मामला