'पानी दे दो साहब, जनता मर जाएगी'...इंदौर में पुलिस अफसर के पैरों में गिरे कांग्रेस पार्षद का वीडियो Viral

Indore Water Crisis: देश के सबसे साफ शहर इंदौर में गहराया जल संकट, पानी की मांग को लेकर सड़कों पर उतरी जनता. कांग्रेस पार्षद ने पुलिस अधिकारी के पैर पकड़कर लगाई पानी की गुहार, वीडियो वायरल.

NewsTak
पानी के लिए पुलिस के पैरों पर गिरा पार्षद.

गौरव जगताप

follow google news

इंदौर. देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर से पानी की किल्लत को लेकर एक बेहद हैरान और भावुक कर देने वाली तस्वीर सामने आई है. भीषण गर्मी के बीच शहर के कई इलाकों में गहराए जल संकट से परेशान होकर लोगों ने सड़क जाम कर दिया. इस दौरान नगर निगम प्रशासन के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शन में वार्ड क्रमांक 75 के कांग्रेस पार्षद अधिकारियों के सामने सड़क पर ही दंडवत लेट गए और घुटनों के बल रेंगते हुए पुलिस अधिकारी के पैर पकड़कर पानी की गुहार लगाने लगे. सोशल मीडिया पर इस अनोखे प्रदर्शन का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है.

Read more!

'जनता मर जाएगी सर, पानी दो...' 

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि वार्ड 75 के कांग्रेस पार्षद हाथ जोड़कर और पुलिस अफसर के पैर पकड़कर रोते हुए कह रहे हैं, "पानी दो सर... पानी करा दो, वरना जनता मर जाएगी. क्या यहां की जनता, जनता नहीं है?" पार्षद का कहना है कि उनके पूरे इलाके में पानी की भारी किल्लत है. जिन बोरवेल्स के भरोसे लोग काम चला रहे थे, वे भी पूरी तरह सूख चुके हैं. यदि नगर निगम ने जल्द ही पानी की कोई पुख्ता व्यवस्था नहीं की तो आम लोगों की परेशानी और ज्यादा बढ़ जाएगी.

मालवा मिल और पालदा समेत कई इलाकों में हालात बेकाबू 

इंदौर के मालवा मिल, पालदा और इसके आसपास के कई हिस्सों में पानी की स्थिति बेहद खराब बनी हुई है. स्थानीय रहवासियों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से नलों में नियमित जल आपूर्ति नहीं हो रही है. पानी की बूंद-बूंद के लिए महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को चिलचिलाती धूप में लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है. नगर निगम की लापरवाही से नाराज होकर ही स्थानीय लोगों को सड़कों पर उतरकर चक्काजाम और नारेबाजी करने के लिए मजबूर होना पड़ा.

निगम के दावे फेल, कांग्रेस ने उठाए स्मार्ट सिटी पर सवाल

दूसरी तरफ, नगर निगम के अधिकारियों का दावा है कि नर्मदा परियोजना के जरिए पानी को टंकियों तक पहुंचाया जा रहा है और जिन इलाकों में पानी नहीं आ रहा है, वहां टैंकरों के जरिए सप्लाई दी जा रही है. हालांकि, जनता इन दावों को पूरी तरह खारिज कर रही है. लोगों का कहना है कि टैंकर समय पर नहीं आते और पानी की मात्रा भी जरूरत के मुकाबले ऊंट के मुंह में जीरे के समान है. इस बीच, जल संकट को लेकर चल रहे इस प्रदर्शन को कांग्रेस का पूरा समर्थन मिला है. कांग्रेस नेताओं ने नगर निगम को आड़े हाथों लेते हुए सवाल खड़ा किया है कि स्मार्ट सिटी परियोजनाओं पर करोड़ों रुपये फूंकने के बाद भी अगर जनता पानी के लिए तरस रही है, तो यह विकास कैसा है? रहवासियों और विपक्ष ने साफ चेतावनी दी है कि यदि अगले कुछ दिनों के भीतर नियमित रूप से पानी की सप्लाई शुरू नहीं की गई, तो नगर निगम के खिलाफ उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा.

इंदौर के खंडवा में पत्नी की अफेयर की जानकारी मिली, पति ने ऐसा कदम उठा लिया कि पूरा इलाका ही कांप गया

 


 

    follow google news