लड़कों की कोई सुनवाई नहीं होती साहब... इंदौर में इस युवक ने मौत से पहले वीडियो बनाकर जो बताया वो कर देगा हैरान, गर्लफ्रेंड समेत 4 पर आरोप

इंदौर में 25 साल के लविश लश्करी ने अपनी जान देने से ठीक पहले अपने भाई को एक दर्दनाक वीडियो भेजा, जिसमें उसने अपनी गर्लफ्रेंड और उसके परिवार पर मानसिक प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है.

इंदौर से आया हैरान करने वाला मामला
इंदौर से आया हैरान करने वाला मामला

गौरव जगताप

follow google news

मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के नंदा नगर इलाके से एक बेहद चौंकाने वाला और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक 25 साल के युवक ने खौफनाक कदम उठाने से पहले एक वीडियो रिकॉर्ड किया और उसे अपने भाई को भेज दिया. इस वीडियो में युवक ने अपनी आपबीती बताते हुए जो कहा, उसने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. वीडियो में उसने भावुक होते हुए कहा, "लड़के सुरक्षित नहीं हैं और उन्हें अपने प्यार को साबित करने के लिए जान तक देनी पड़ती है."

Read more!

भाई को भेजा आखिरी वीडियो

मृतक युवक की पहचान लविश लश्करी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उज्जैन का रहने वाला था और इंदौर में रहकर ड्राइवर का काम करता था. लविश ने यह आत्मघाती कदम उठाने से ठीक पहले एक वीडियो मैसेज रिकॉर्ड किया था. उसने यह वीडियो अपने भाई को व्हाट्सएप पर भेजा. जब तक भाई कुछ समझ पाता और उसे बचाने की कोशिश करता, तब तक बहुत देर हो चुकी थी.

गर्लफ्रेंड और उसके परिवार पर गंभीर आरोप

वायरल वीडियो में लविश ने अपनी मौत के लिए अपनी गर्लफ्रेंड, उसकी बहन, भाई और कुछ अन्य करीबी लोगों को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया है. जानकारी के मुताबिक, लविश पिछले 2 साल से एक युवती के साथ रिलेशनशिप में था. दोनों के बीच सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन हाल के दिनों में उनके बीच बातचीत पूरी तरह बंद हो गई थी. युवती द्वारा संपर्क तोड़ लिए जाने के कारण लविश गंभीर मानसिक तनाव (डिप्रेशन) से गुजर रहा था.

लड़के सुरक्षित नहीं हैं...

वीडियो में लविश का दर्द और बेबसी साफ देखी जा सकती है. उसने अपनी पीड़ा बयां करते हुए कहा कि वह अपनी गर्लफ्रेंड से संपर्क करने की लगातार कोशिश कर रहा था, लेकिन नाकाम रहा. इसी हताशा में उसने वीडियो में लड़कों की सुरक्षा और समाज में उनकी स्थिति को लेकर भी टिप्पणी की.

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया. पुलिस ने मृतक लविश के फोन को जब्त कर लिया है और उस आखिरी वीडियो क्लिप को अपनी जांच का मुख्य हिस्सा बनाया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो में जिन लोगों पर मानसिक प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप लगाए गए हैं, उन सभी से पूछताछ की जाएगी. मामले की गहराई से जांच जारी है.

 

    follow google news