जबलपुर क्रूज हादसा: मौत से पहले क्रूज पर बिना लाइफ जैकेट क्या कर रहे थे लोग, सामने आया खौफनाक वीडियो

जबलपुर के बरगी डैम में सुरक्षा नियमों की अनदेखी और बिना लाइफ जैकेट के क्रूज चलाने से हुए दर्दनाक हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई. मौसम विभाग की चेतावनी के बावजूद क्रूज को पानी में उतारने और यात्रियों की सुरक्षा में बरती गई बड़ी लापरवाही ने इस सफर को मातम में बदल दिया.

जबलपुर
जबलपुर

गौरव जगताप

follow google news

मध्य प्रदेश के जबलपुर में बरगी डैम के बैकवाटर में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है. इस हादसे से ठीक पहले का एक वीडियो सामने आया है, जो दिल दहला देने वाला है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे तेज हवाओं और उफनती लहरों के बीच क्रूज डगमगा रहा था, लेकिन सुरक्षा के नाम पर वहां भारी लापरवाही बरती जा रही थी.

Read more!

किसी ने नहीं पहनी थी लाइफ जैकेट

सामने आए वीडियो में दिख रहा है कि क्रूज पर सवार पर्यटक मौसम का लुत्फ उठाने और सेल्फी लेने में मशगूल थे. हैरान करने वाली बात यह है कि क्रूज पर मौजूद एक भी यात्री ने लाइफ जैकेट नहीं पहनी थी. सुरक्षा नियमों की इस अनदेखी ने ही इस सफर को मातम में बदल दिया. कुछ ही मिनटों बाद तेज हवाओं के कारण क्रूज अनियंत्रित होकर पानी में समा गया.

मां-बच्चे की मार्मिक तस्वीर ने रुलाया

इस हादसे में कई परिवार उजड़ गए. बचाव दल को एक ऐसी तस्वीर मिली जिसने सबको भावुक कर दिया. एक मां ने डूबते समय अपने मासूम बच्चे को बचाने के लिए उसे सीने से लिपटाए रखा था, लेकिन कुदरत के कहर के आगे दोनों की जान नहीं बच सकी.

क्या बोला सिस्टम?

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस घटना पर दुख जताते हुए बताया कि अब तक 9 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि प्रशासन और स्थानीय लोगों की मदद से 28 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है. सीएम ने बताया कि एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और आर्मी के गोताखोरों ने मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया.

उठ रहे हैं गंभीर सवाल

इस हादसे ने प्रशासन और क्रूज संचालकों पर कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं:

  • जब मौसम विभाग ने पहले ही तेज हवाओं की चेतावनी दी थी, तो क्रूज को रवाना क्यों किया गया?
  • क्या क्रूज पर यात्रियों को सुरक्षा ब्रीफिंग दी गई थी?
  • लाइफ जैकेट पहनना अनिवार्य क्यों नहीं किया गया?

फिलहाल मामले की जांच जारी है, लेकिन यह हादसा सिस्टम की नाकामी और सुरक्षा नियमों की अनदेखी का एक बड़ा उदाहरण बन गया है.

 

    follow google news