मध्य प्रदेश के जबलपुर में स्थित बर्गी डैम में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे का एक नया और रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो सामने आया है. इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे चंद सेकंड के भीतर खुशियों का माहौल मातम में बदल गया. वीडियो की शुरुआत में सब कुछ सामान्य लग रहा था, पर्यटक ऊपरी डेक पर सुहावने मौसम का आनंद ले रहे थे, तभी अचानक तेज हवाओं और ऊंची लहरों ने क्रूज को अपनी चपेट में ले लिया.
ADVERTISEMENT
पलक झपकते ही मची अफरातफरी
वायरल वीडियो में दिख रहा है कि तेज लहरों के कारण क्रूज बुरी तरह डगमगाने लगा और देखते ही देखते पानी अंदर घुसने लगा. पानी भरते ही क्रूज पर सवार लोगों में भगदड़ मच गई. लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे और 'लाइफ जैकेट-लाइफ जैकेट' की चीखें सुनाई देने लगीं. क्रू मेंबर्स ने जैकेट बांटने की कोशिश तो की, लेकिन तब तक क्रूज पानी में समाने लगा था.
सीएम मोहन यादव का एक्शन, कई निलंबित
इस बड़ी लापरवाही पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कड़ा रुख अपनाया है. हादसे के जिम्मेदार क्रूज पायलट महेश पटेल, हेल्पर छोटेलाल गोंड और टिकट काउंटर प्रभारी बृजेंद्र की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई हैं. इसके अलावा, होटल मैकल रिसॉर्ट और बोर्ड क्लब बरगी के मैनेजर सुनील मरावी को निलंबित कर दिया गया है, जबकि रीजनल मैनेजर संजय मल्होत्रा को मुख्यालय अटैच कर विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं.
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, अब तक 9 शव बरामद
हादसे वाली जगह का जायजा लेने पहुंचे सीएम मोहन यादव ने बताया कि अब तक 9 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 28 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है. बचाव कार्य में सेना के गोताखोर, एनडीआरएफ (NDRF) और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमें जुटी हुई हैं. लापता चार अन्य लोगों की तलाश के लिए शनिवार सुबह से फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया है, हालांकि डैम का बढ़ता जलस्तर और तेज हवाएं बचाव कार्य में बाधा डाल रही हैं.
उच्च स्तरीय जांच के आदेश
सरकार ने इस पूरे घटनाक्रम की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया है. यह समिति क्रूज दुर्घटना के सूक्ष्म कारणों, सुरक्षा प्रोटोकॉल के पालन और भविष्य के लिए नई एसओपी (SOP) तैयार करने पर काम करेगी. सीएम ने मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपये और प्रधानमंत्री राहत कोष से 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का भी जिक्र किया. साथ ही, बचाव कार्य में मदद करने वाले स्थानीय श्रमिकों को 51-51 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की गई है.
ADVERTISEMENT


