'बजरंगबली ने बचा ली जान'-हादसे से पहले टेका था मत्था, फिर कार पर गिरा 10 चक्का ट्रक; जबलपुर में खौफनाक सड़क हादसा

Jabalpur Road Accident News: मध्य प्रदेश के जबलपुर में दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जहां ओवरब्रिज से रेत से भरा 10 चक्का हाईवा कार और बाइक पर गिर गया. हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, लेकिन जिस कार पर ट्रक गिरा उसमें सवार शुक्ला परिवार के 5 लोग चमत्कारिक रूप से बच गए.

Jabalpur road accident
Jabalpur road accident

धीरज शाह

follow google news

मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक ऐसा रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा सामने आया है, जिसे देखकर हर कोई दंग रह गया. जबलपुर-भोपाल नेशनल हाईवे 45 पर एक तेज रफ्तार रेत से भरा हाईवा ओवरब्रिज से अनियंत्रित होकर सीधे नीचे सर्विस रोड पर चल रही कार और बाइक पर जा गिरा. यह मंजर इतना भयानक था कि कार पूरी तरह पिचक गई और इलाके में चीख-पुकार मच गई. इस दर्दनाक हादसे में बाइक सवार और हाईवा चालक की मौके पर ही मौत हो गई.

Read more!

मौत के मुंह से बच निकला शुक्ला परिवार

इस खौफनाक हादसे के बीच एक चमत्कारिक खबर भी सामने आई. रेत से भरा भारी-भरकम हाईवा जिस कार (Hyundai) पर गिरा, उसमें भोपाल के कोलार रोड निवासी शुक्ला परिवार के 5 लोग सवार थे. कार की हालत देखकर लग रहा था कि कोई जीवित नहीं बचा होगा, लेकिन कुदरत का करिश्मा देखिए कि कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बच निकले. कार सवार युवक ने बताया कि वे रीवा में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे और सीएनजी (CNG) भरवाने के लिए जैसे ही ब्रिज के नीचे पहुंचे, अचानक ऊपर से ट्रक उनकी कार पर आ गिरा.

हादसे से एक घंटे पहले किया था मंदिर में दर्शन

पीड़ित परिवार ने बताया कि हादसे से करीब एक घंटा पहले ही उन्होंने हाईवे किनारे स्थित एक हनुमान मंदिर में दर्शन किए थे और प्रसाद चढ़ाया था. परिवार का मानना है कि बजरंगबली के आशीर्वाद ने ही आज उन्हें यमराज के द्वार से वापस खींच लिया है. हालांकि, कार में सवार लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

पुलिस और रेस्क्यू ऑपरेशन: 2 लोगों की मौत

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. पुलिस के मुताबिक, ओवरब्रिज से गिरने के कारण हाईवा चालक की मौत हो गई, जिसकी शिनाख्त की कोशिश की जा रही है. वहीं, पास से गुजर रहे बाइक सवार बलराम अवस्थी भी इस हादसे की चपेट में आ गए और उन्होंने भी दम तोड़ दिया. पुलिस ने क्रेन की मदद से हाईवा को हटाया और यातायात बहाल कराया.

कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह ने जताया दुख

इस हृदय विदारक घटना पर मोहन कैबिनेट के मंत्री राकेश सिंह ने भी दुख व्यक्त किया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म 'एक्स' (X) पर लिखा कि जबलपुर-भोपाल राष्ट्रीय राजमार्ग पर यह घटना अत्यंत दुखद है. उन्होंने घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए हैं और मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं.

यहां देखें वीडियो

यह खबर भी पढ़ें: MP में प्रेमी जोड़े का जानलेवा स्टंट, चलती बाइक पर पेट्रोल टैंक पर बैठकर प्रेमिका ने डाली बाहें, वीडियो आया सामने

    follow google news