CSP Katni Neha Pachisia : मध्य प्रदेश के कटनी में जमीन के कथित सौदे और पद के दुरुपयोग के मामले में मुख्यमंत्री के निर्देश पर निलंबित की गईं सीएसपी नेहा पच्चीसिया की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं. सस्पेंशन के बाद अब उनकी पुरानी पोस्टिंग यानी गुना जिले में तैनाती के दौरान के विवाद और शिकायतें भी फिर से सुर्खियों में आ गए हैं. इसके साथ ही सोशल मीडिया पर एक पब या बार का कथित वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसने पुलिस महकमे में हलचल तेज कर दी है.
ADVERTISEMENT
गुना पोस्टिंग में जमीन कब्जे और अवैध वसूली के लगे थे गंभीर आरोप
गुना में सीएसपी के पद पर पदस्थ रहने के दौरान नेहा पच्चीसिया की कार्यशैली को लेकर कई शिकायतें दर्ज कराई गई थीं. साल 2020 में विश्ववीर रघुवंशी और राधाबाई सेन नाम के शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया था कि सीएसपी रहते हुए उन्होंने एक बेशकीमती जमीन पर एक कांग्रेसी नेता को कथित तौर पर कब्जा दिलवाने में मदद की थी. इस मामले की शिकायत राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री कार्यालय तक भेजे जाने का दावा किया गया था.
इसके अलावा, अक्का नाम के एक कथित सटोरिए के संपर्क में रहकर अवैध वसूली करने के आरोप भी लगे थे. इतना ही नहीं, शफीकुद्दीन नाम के व्यक्ति ने लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया था कि उन पर एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कराने का दबाव बनाया जा रहा था और इस पूरे मामले में एक अन्य व्यक्ति को सीएसपी का संरक्षण प्राप्त था.
ट्रैक्टर विवाद और आईजी से जुड़ा सोशल मीडिया विवाद
गुना पोस्टिंग के दौरान ही हरकृष्ण शर्मा नाम के व्यक्ति ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोप लगाया था कि उन पर दबाव बनाकर उनका निजी ट्रैक्टर दूसरे व्यक्ति को देने के लिए मजबूर किया जा रहा था. इन तमाम शिकायतों ने तत्कालीन समय में पुलिस प्रशासन की साख पर सवाल खड़े कर दिए थे.
सबसे ज्यादा विवाद तब गहराया जब गुना से तबादले के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई, जिसमें लिखा गया था कि तत्कालीन ग्वालियर आईजी अविनाश शर्मा उनके अपराधी हैं. इस पोस्ट से महकमे में हड़कंप मच गया था. तत्कालीन आईजी ने इसे अनुशासनहीनता मानते हुए जवाब तलब करने की बात कही थी, हालांकि नेहा पच्चीसिया ने दावा किया था कि वह फेक अकाउंट से की गई पोस्ट थी और उनका इससे कोई लेना-देना नहीं था.
सस्पेंशन के बाद पुलिस महकमे की कार्यशैली पर उठे सवाल
हाल ही में कटनी में जमीन सौदेबाजी के कथित आरोपों और पद के दुरुपयोग के चलते मुख्यमंत्री के सख्त रुख के बाद सीएसपी नेहा पच्चीसिया को निलंबित कर दिया गया. लेकिन गुना की पुरानी शिकायतों की फाइलें दोबारा सामने आने के बाद अब यह सवाल उठ रहा है कि क्या विभाग ने पुरानी शिकायतों से कोई सबक नहीं लिया था.
एक पुलिस अधिकारी पर लगातार लगने वाले गंभीर आरोपों और उनके खिलाफ विभागीय स्तर पर होने वाली कार्रवाई को लेकर अब आम जनता और पुलिस महकमे दोनों में चर्चाएं तेज हैं. फिलहाल कटनी से लेकर गुना तक नेहा पच्चीसिया का नाम फिर से विवादों के घेरे में आ खड़ा हुआ है.
कौन हैं CSP नेहा पच्चीसिया?
नेहा पच्चीसिया मध्य प्रदेश पुलिस की अधिकारी हैं, जो कटनी में सीएसपी के पद पर तैनात थीं. कटनी में जमीन के कथित सौदे और पद के दुरुपयोग के आरोपों के बाद उन्हें मुख्यमंत्री के निर्देश पर निलंबित किया गया. इससे पहले गुना में सीएसपी रहते हुए भी उनकी कार्यशैली को लेकर कई शिकायतें सामने आई थीं. इनमें जमीन कब्जे में मदद, कथित अवैध वसूली, ट्रैक्टर विवाद और सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़े मामले शामिल थे. अब कटनी में कार्रवाई के बाद गुना से जुड़े उनके पुराने विवाद भी फिर चर्चा में हैं.
यह भी पढ़ें: पति करता था दूसरी महिलाओं से बात, पत्नी ने पुलिस के पास जाकर अवैध कमाई का कर दिया भांडाफोड़
ADVERTISEMENT


