Kuno Cheetah Viral Video: कूनो से निकलकर मुरैना पहुंचा चीता, नीलगाय का शिकार करते देख उड़े ग्रामीणों के होश!

Kuno Cheetah Viral Video: कूनो नेशनल पार्क से भटककर एक चीता मुरैना के जौरा इलाके में पहुंच गया है, जहां उसे नीलगाय का शिकार करते हुए देखा गया. वन विभाग की टीम चीते को वापस पार्क में लाने के लिए उसकी मॉनिटरिंग कर रही है.

प्रतिकात्मक तस्वीर
प्रतिकात्मक तस्वीर

खेमराज दुबे

follow google news

मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क से चीतों के बाहर निकलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. ताजा मामले में कूनो से भटककर एक चीता मुरैना जिले के जौरा इलाके में जा पहुंचा. यहां के खेतों में चीते को नीलगाय का शिकार करते हुए देखा गया है. ग्रामीणों द्वारा बनाया गया यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में दहशत और कौतूहल दोनों का माहौल है.

Read more!

कूनो की सीमा लांघकर मुरैना के खेतों में दस्तक

जानकारी के मुताबिक, कूनो नेशनल पार्क की सीमा से निकलकर यह चीता मुरैना जिले के पहाड़गढ़ और जौरा के रिहायशी इलाकों के करीब पहुंच गया है. वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि चीता खुले खेतों में एक नीलगाय का पीछा कर रहा है और पलक झपकते ही उसे अपना शिकार बना लेता है. चीते की फुर्ती और शिकार करने के इस नजारे को स्थानीय लोगों ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया.

ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग अलर्ट

रिहायशी इलाकों के इतने करीब चीते की मौजूदगी ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है. लोग अपने मवेशियों और बच्चों की सुरक्षा को लेकर डरे हुए हैं. घटना की जानकारी मिलते ही कूनो नेशनल पार्क की निगरानी टीम और स्थानीय वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है. वन अधिकारियों का कहना है कि चीते की लोकेशन को ट्रैक किया जा रहा है और उस पर सैटेलाइट कॉलर आईडी के जरिए लगातार नजर रखी जा रही है.

कूनो से बाहर क्यों निकल रहे हैं चीते?

यह पहली बार नहीं है जब कूनो का कोई चीता सीमा लांघकर बाहर निकला हो. इससे पहले भी 'ओबान' और 'आशा' जैसे चीते शिवपुरी और राजस्थान की सीमा तक जा पहुंचे थे. विशेषज्ञों का मानना है कि चीते अपना इलाका (Territory) बनाने के लिए लंबी दूरी तय करते हैं. वन विभाग ने ग्रामीणों को सलाह दी है कि वे चीते के करीब न जाएं और न ही उसे परेशान करने की कोशिश करें.

 

    follow google news