देश और प्रदेश में इन दिनों घरेलू गैस (LPG) की किल्लत को लेकर उपभोक्ताओं के बीच बेचैनी का माहौल है. कई जगहों पर लोगों को समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं. इसी बीच कुछ लोग इस स्थिति का फायदा उठाकर सिलेंडरों की जमाखोरी और कालाबाजारी करने में लगे हुए हैं. ऐसा ही मामला मध्यप्रदेश के छतरपुर से सामने आया है. शहर की विश्वनाथ कॉलोनी (वार्ड नंबर-3) में एक रिटायर्ड टीचर के घर से भारी मात्रा में गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं.
ADVERTISEMENT
प्रशासन की गुप्त सूचना पर बड़ी कार्रवाई
प्रशासन को सूचना मिली थी कि इलाके में रहने वाले रिटायर्ड शिक्षक श्यामलाल अहिरवार ने अपने घर में बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर जमा कर रखे हैं. सूचना मिलते ही तहसील प्रशासन और खाद्य विभाग की टीम ने सिटी कोतवाली पुलिस के साथ मिलकर देर रात घर पर छापा मारा. तलाशी के दौरान घर के अंदर बड़ी मात्रा में सिलेंडर पाए गए.
घर से बरामद हुए 25 सिलेंडर
छापेमारी की कार्रवाई का नेतृत्व कर रहे नायब तहसीलदार शशांक जैन ने बताया कि तलाशी के दौरान घर के अलग-अलग हिस्सों से कुल 25 गैस सिलेंडर बरामद हुए. इनमें से 3 सिलेंडर पूरी तरह गैस से भरे हुए थे, जबकि 22 सिलेंडर खाली मिले. आशंका जताई जा रही है कि आरोपी इन सिलेंडरों को बाजार में ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में था.
कड़ी कानूनी कार्रवाई की तैयारी
प्रशासनिक टीम ने मौके पर ही सभी सिलेंडरों को जब्त कर लिया है. खाद्य विभाग और राजस्व विभाग ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए आरोपी रिटायर्ड शिक्षक के खिलाफ 'आवश्यक वस्तु अधिनियम' के तहत मामला दर्ज किया है. अधिकारियों ने बताया कि गैस संकट के समय जमाखोरी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और जिले में इस तरह की छापेमारी आगे भी जारी रहेगी.
ADVERTISEMENT

