मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग (MPL 2026) के आगामी सीजन को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं. राजधानी भोपाल में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान एमपीएल 2026 की आधिकारिक जर्सी लॉन्च की गई. इस खास मौके पर मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (MPCA) के अध्यक्ष महानआर्यमन सिंधिया मुख्य रूप से मौजूद रहे. जर्सी लॉन्च के बाद MP तक से खास बातचीत में महान आर्यमान सिंधिया ने टूर्नामेंट को लेकर अपना दृष्टिकोण साझा किया और प्रदेश के युवाओं को एक बड़ा संदेश दिया. गौरतलब है कि MPL 2025 की तर्ज पर MPL 2026 का भी डिजिटल पार्टनर MP तक है.
ADVERTISEMENT
टीम वर्क की बदौलत MPL ने हासिल किया मुकाम- सिंधिया
जब महानआर्यमन सिंधिया से उनके नेतृत्व में एमपीएल के आगे बढ़ने को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने बड़ी ही विनम्रता से इसका श्रेय पूरी टीम को दिया. उन्होंने कहा, "यह सफलता सिर्फ मेरे अकेले के नेतृत्व की वजह से नहीं है, बल्कि यह पूरी टीम के साझा विजन और कड़ी मेहनत का नतीजा है. क्रिकेट की तरह ही हमारी भी एक टीम है, जिसमें एमपीसीए, एमपीएल और जीडीसीए (GDCA) के सभी लोग कंधे से कंधा मिलाकर जोश के साथ काम कर रहे हैं."
संख्या और व्यूअरशिप के मामले में देश में नंबर-1 लीग होने का दावा
महानआर्यमन सिंधिया ने दावा किया कि एमपीएल आज देश की सबसे बड़ी प्रांतीय क्रिकेट लीग बन चुकी है. उन्होंने इसके पीछे का गणित समझाते हुए कहा, "इस लीग में पुरुषों की 10 टीमें और महिलाओं की 5 टीमें हिस्सा ले रही हैं. इसका मतलब है कि 150 से अधिक खिलाड़ी इस मंच पर अपना हुनर दिखा रहे हैं. संख्या बल, टैलेंट और व्यूअरशिप (दर्शक संख्या) के मामले में अब हम पूरे भारत में नंबर वन बन रहे हैं. साल दर साल एमपीएल के माध्यम से प्रदेश का नया और बेहतरीन टैलेंट उभरकर सामने आ रहा है."
क्रिकेट में एआई (AI) तकनीक का अनूठा इस्तेमाल
आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के इस्तेमाल को लेकर महानआर्यमन सिंधिया ने बेहद रोचक जानकारी दी. उन्होंने बताया कि एमपीएल में एआई तकनीक का इस्तेमाल पहले ही शुरू हो चुका है. उन्होंने कहा, "हम 'इमर्जेंट' (Emergent) नाम के एक प्लेटफॉर्म के साथ मिलकर काम कर रहे हैं. इस साझेदारी के माध्यम से हमारे सारे डैशबोर्ड्स और अकाउंटिंग का काम एआई (AI) तकनीक द्वारा संचालित किया जा रहा है, जिससे काम में पारदर्शिता और सटीकता आई है."
इंदौर में 3 तारीख से सजेगा क्रिकेट का महाकुंभ, युवाओं को दिया संदेश
प्रदेश के उभरते हुए खिलाड़ियों के लिए शुरू की गई विशेष योजनाओं पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि जो बच्चे किसी डिस्ट्रिक्ट या डिवीजन से नहीं जुड़े हैं, उनके लिए 'प्लेयर डेवलपमेंट स्कीम' शुरू की गई है. इसके जरिए युवा बच्चों को फ्रेंचाइजी ओनर्स की एकेडमी में मौका मिल रहा है और वे बड़े स्टेडियमों में खेलने का अनुभव हासिल कर पा रहे हैं.
मध्य प्रदेश के युवाओं और खेल प्रेमियों को संदेश देते हुए महानआर्यमन सिंधिया ने कहा, "मेरा युवाओं से यही कहना है कि मैदान पर पूरी ताकत और जोश के साथ खेलें. साथ ही, मैं प्रदेश की जनता से अपील करता हूं कि आगामी 3 तारीख से इंदौर में शुरू हो रहे इन मैचों को देखने के लिए स्टेडियम जरूर आएं और हमारे स्थानीय खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाएं."
इस मौके पर जर्सी की हुई लॉन्चिंग
इस मौके पर अलग-अलग टीमों की जर्सी लॉन्स की गई. बेहद उत्सहजनक माहौल में टीमें मंच पर आईं और जर्सी लॉन्चिंग के साथ इस खास पल का गवाह बनीं. तस्वीरों में देखें जर्सी लॉन्चिंग की झलकियां
महानआर्यमन सिंधिया का पूरा इंटरव्यू यहां देखें
जर्सी लॉन्चिंग कार्यक्रम का लाइव वीडियो
ADVERTISEMENT


