'मुझे धोखे से भगाया, बेटी को बहलाया-फुसलाया', मोनालिसा के पिता के आरोपों ने शादी के दावों की खोली पोल

Monalisa Father Allegations: महाकुंभ से वायरल हुई मोनालिसा और फरमान की शादी पर नया विवाद खड़ा हो गया है. एमपी के महेश्वर में मोनालिसा के पिता ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी बेटी को एक्टिंग सिखाने के बहाने केरल ले जाया गया और उन्हें धोखे से वापस भेजकर शादी करवा दी गई. पिता ने यह भी दावा किया कि बेटी को बहलाया-फुसलाया गया. जानिए पूरी बात.

Monalisa Father Allegations on Farman Khan
Monalisa Father Allegations on Farman Khan

उमेश रेवलिया

follow google news

महाकुंभ से चर्चा में आई 'वायरल गर्ल' मोनालिसा और फरमान खान की शादी में अब एक नया और चौंकाने वाला मोड़ आ गया है. जहां फरमान और मोनालिसा दावा कर रहे थे कि शादी पिता की मौजूदगी में हुई है, वहीं मोनालिसा के पिता ने इन दावों को पूरी तरह खारिज करते हुए बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं. एमपी तक से बातचीत करते हुए मोनालिसा के पिता ने साफ कहा है कि उनके साथ धोखा हुआ है और बेटी को बहलाया-फुसलाया गया है. आइए विस्तार से जानते है पूरी बात.

Read more!

'एक्टिंग सिखाने के बहाने ले गए और बेटी को छीन लिया'

खरगोन के महेश्वर में एमपी तक से एक्सक्लूसिव बातचीत करते हुए मोनालिसा के पिता भावुक हो गए. उन्होंने आरोप लगाया कि वे अपनी बेटी को हीरोइन बनाने और एक्टिंग सिखाने के बड़े सपने लेकर केरल गए थे. लेकिन वहां उनके साथ बड़ा धोखा हुआ. पिता के अनुसार, उन्हें अंधेरे में रखकर और गुपचुप तरीके से पहले केरल से वापस मध्य प्रदेश भेज दिया गया और उसके बाद मोनालिसा की शादी फरमान से करवा दी गई.

पिता के 3 बड़े और गंभीर आरोप!

मोनालिसा के पिता ने फरमान पर 3 बड़े और गंभीर आरोप लगाए है.

धोखे से वापस भेजा: पिता ने बताया कि उनका और उनकी बेटी का वापस आने का फ्लाइट टिकट था, लेकिन उन्हें पुलिस थाने में उलझाकर फ्लाइट मिस करवाई गई और फिर उन्हें अकेले ही मध्य प्रदेश भेज दिया गया.

बेटी को बरगलाया गया: उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी बहुत भोली है और उसे बहला-फुसलाकर या कुछ खिलाकर ऐसा कदम उठाने के लिए मजबूर किया गया है.

लव जिहाद का आरोप: पिता ने सीधे तौर पर इस पूरे मामले को लव जिहाद करार देते हुए कहा कि उनकी बेटी को फंसाया गया है और वे इस शादी से बिल्कुल खुश नहीं हैं.

'मैं वहां बहुत रोया, पर किसी ने बात नहीं कराई'

मोनालिसा के पिता ने आपबीती सुनाते हुए कहा, 'मैं वहां बहुत रोया कि मुझे मेरी लड़की से दो मिनट बात करने दो, लेकिन उन्होंने बात तक नहीं करने दी. मेरा सामान भी वहीं छोड़ दिया गया और मुझे बेसहारा स्थिति में वापस भेज दिया गया.' उन्होंने यह भी बताया कि उनके पास वापस आने के लिए पैसे तक नहीं थे, जिसके बाद उन्होंने मांगकर टिकट करवाया.

समाज और परिवार में 'मातम' जैसा माहौल

पिता ने बताया कि इस खबर के बाद से महेश्वर में उनके घर पर मातम जैसा माहौल है. समाज के लोग उन्हें फोन कर खरी-खोटी सुना रहे हैं, जिससे वे बेहद शर्मिंदा महसूस कर रहे हैं. उन्होंने सरकार से इस मामले में मदद की गुहार लगाई है ताकि उनकी बेटी सुरक्षित वापस आ सके.

दावों में विरोधाभास

गौरतलब है कि फरमान खान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया था कि मोनालिसा के पिता केरल में उनकी शादी के वक्त मौजूद थे. लेकिन पिता के इस इंटरव्यू ने शादी की पूरी कहानी पर सवालिया निशान लगा दिए हैं. अब देखना होगा कि इस मामले में पुलिस और प्रशासन क्या कदम उठाते हैं.

    follow google news