मोनालिसा 'लापता' या कोई बड़ी साजिश? तमाम अटकलों के बीच आई बड़ी खबर, डायरेक्टर Sanoj Mishra ने खोली पोल

मोनालिसा को अजमेर में ढूंढने का वायरल वीडियो फर्जी निकला है. वीडियो बनाने वाला युवक बाड़मेर का कंटेंट क्रिएटर है. फिल्म डायरेक्टर सनोज मिश्रा ने दावा किया है कि मोनालिसा अभी भी फरमान के साथ केरल में है और वह विदेश भागने की फिराक में है.

मोनालिसा
मोनालिसा

प्राची अवस्थी

follow google news

महाकुंभ से चर्चा में आई महेश्वर की 'वायरल गर्ल' मोनालिसा के लापता होने की खबरों ने पूरे देश में हड़कंप मचा दिया है. सोशल मीडिया पर एक युवक का वीडियो वायरल हो रहा था जिसमें उसने दावा किया कि मोनालिसा भाग गई है और वह उसे अजमेर, पुष्कर और जोधपुर की गलियों में ढूंढ रहा है. अब इस पूरे ड्रामे के पीछे की असलियत सामने आ गई है. फिल्म डायरेक्टर सनोज मिश्रा और मोनालिसा की मां ने इस पर चौंकाने वाले बयान दिए हैं.

Read more!

वायरल वीडियो निकला फेक

अजमेर के पुष्कर से मोनालिसा को ढूंढने का जो वीडियो वायरल हो रहा था, उसमें दिखने वाला युवक फरमान खान नहीं था. बढ़ते विवाद के बीच उस युवक ने एक और वीडियो जारी कर बताया कि उसका नाम अरविंद कुमार जोशी है और वह राजस्थान के बाड़मेर का रहने वाला है. उसने स्वीकार किया कि फरमान से उसकी शक्ल मिलती-जुलती थी, इसलिए सोशल मीडिया पर कंटेंट बनाने और व्यूज के लिए उसने यह वीडियो बनाया था.

डायरेक्टर सनोज मिश्रा का बड़ा दावा: 'केरल में है मोनालिसा'

मोनालिसा की फिल्म 'द डायरी ऑफ मणिपुर' के डायरेक्टर सनोज मिश्रा ने वायरल वीडियो को पूरी तरह भ्रामक और फेक बताया है. उन्होंने दावा किया कि मोनालिसा अभी भी फरमान के साथ केरल में ही मौजूद है. सनोज मिश्रा ने आशंका जताई है कि फरमान के पास पासपोर्ट है और वह नेपाल के रास्ते बांग्लादेश भागने की फिराक में है. उन्होंने मध्य प्रदेश पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों से फरमान को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की है.

माँ की ममता का करुण पुकार: 'बेटी घर लौट आओ'

मोनालिसा के लापता होने की खबरों के बीच उसकी मां ने फरमान पर गंभीर आरोप लगाए हैं. मां का कहना है कि उनकी बेटी को फरमान ने ही कहीं छुपा दिया है. उन्होंने रोते हुए कहा, "मेरी बेटी को फरमान ने ही गायब किया है, वह बहुत गलत लड़का है." उन्होंने वीडियो के जरिए अपनी बेटी से गुहार लगाई कि, "बेटी घर लौट आओ, सरकार जो भी कर रही है वह तुम्हारे भले के लिए ही है."

कानूनी पचड़े में फंसा मामला

बता दें कि मोनालिसा के नाबालिग साबित होने के बाद फरमान के खिलाफ पहले ही पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज है. सनोज मिश्रा का कहना है कि फरमान के पीछे वकीलों की एक बड़ी फौज लगी हुई है और उसने पहले ही अग्रिम जमानत (Anticipatory Bail) ले ली है. फिलहाल यह मामला मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और केरल- तीन राज्यों की पुलिस के बीच उलझा हुआ है.

 

    follow google news