'तुम्हें चूहा मारने वाला दवाई नहीं मिल रहा'... मुरैना में नाबालिग बेटी का अपने ही माता-पिता को रास्ते से हटाने का पूरा प्लान हो गया वायरल

मुरैना में एक नाबालिग बेटी ने अपनी शादी तय होने से नाराज होकर प्रेमी के साथ मिलकर माता-पिता के खाने में जहर मिला दिया. एक वायरल ऑडियो की मदद से पुलिस ने इस पूरी साजिश का भंडाफोड़ किया है.

मुरैना न्यूज (AI Image)
मुरैना न्यूज (AI Image)

हेमंत शर्मा

follow google news

मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने खून के रिश्तों को शर्मसार कर दिया है. एक नाबालिग बेटी ने अपने ही माता-पिता की जान लेने की खौफनाक साजिश रची. वजह सिर्फ इतनी थी कि वे उसकी प्रेम कहानी में रुकावट बन रहे थे. जिस बेटी को माता-पिता ने लाड-प्यार से पाला, उसी ने उनकी थाली में 'मौत' परोस दी. पुलिस ने एक वायरल ऑडियो के आधार पर इस पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया है.

Read more!

खाने में मिलाई चूहा मारने की दवा

घटना मुरैना के पोरसा थाना क्षेत्र की है. नाबालिग बेटी अपने प्रेमी के साथ रहना चाहती थी जबकि माता-पिता उसकी शादी कहीं और तय करने की तैयारी में थे. इसी 'रोड़े' को रास्ते से हटाने के लिए बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर प्लान बनाया. 29-30 अप्रैल की रात बेटी ने रोटियों में चूहा मारने वाली दवा मिला दी. खाना खाते ही माता-पिता की तबीयत बिगड़ने लगी. उन्हें आनन-फानन में स्थानीय अस्पताल और फिर ग्वालियर रेफर किया गया, जहां चार दिनों तक वे मौत से जंग लड़ते रहे.

वायरल ऑडियो ने खोली पोल

शुरुआत में इसे एक हादसा माना जा रहा था लेकिन पुलिस के हाथ एक खौफनाक ऑडियो लगा. इस ऑडियो में बेटी और उसका प्रेमी जहर खरीदने और उसे खाने में मिलाने की प्लानिंग करते सुनाई दे रहे हैं. ऑडियो में बेटी कह रही है कि उसने "पूरी दवा मिला दी है." इस सबूत ने पूरी कहानी बदल दी और साफ हो गया कि यह कोई हादसा नहीं बल्कि सोची-समझी साजिश थी.

माता-पिता की आपबीती

अस्पताल में इलाज के बाद खतरे से बाहर आए पिता ने बताया कि रोटी खाते ही उन्हें अजीब सी बदबू आई और सब्जी कड़वी लगी. उन्होंने शक होने पर खाना छोड़ दिया और तुरंत 112 नंबर डायल किया. मां ने बताया कि बेटी सोमवार को होने वाली अपनी सगाई को रोकना चाहती थी और उसका प्लान था कि माता-पिता को जहर देकर वह रातों-रात प्रेमी के साथ फरार हो जाए.

पुलिस की कार्रवाई

मुरैना पुलिस ने वायरल ऑडियो और माता-पिता के बयानों के आधार पर नाबालिग बेटी और उसके प्रेमी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया है और मामले की विस्तृत विवेचना की जा रही है.

 

    follow google news