मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (MPBSE) ने आज, 15 अप्रैल 2026 को सुबह 11 बजे कक्षा 10वीं और 12वीं दोनों के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए हैं. प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने औपचारिक रूप से नतीजों की घोषणा की. इस साल 12वीं के परिणामों ने पिछले 16 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है और एक बार फिर बेटियों ने अपना परचम लहराया है.
ADVERTISEMENT
छात्र अब अपना रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट mpbse.mponline.gov.in और digilocker.gov.in पर जाकर आसानी से देख सकते हैं. इसके अलावा अन्य एजुकेशन पोर्टल्स पर भी रिजल्ट उपलब्ध है.
12वीं में भोपाल की दो छात्राएं बनीं टॉपर
इस साल 12वीं के रिजल्ट में भोपाल की खुशी राय और चांदनी विश्वकर्मा ने टॉप किया है. दोनों छात्राओं ने 500 में से 494 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया. इस उपलब्धि के साथ एक बार फिर छात्राओं ने बाजी मार ली है.
एमपी बोर्ड 12वीं की परीक्षाएं 10 फरवरी 2026 से 7 मार्च 2026 के बीच आयोजित की गई थीं. इस परीक्षा में कुल 6,89,746 परीक्षार्थी शामिल हुए थे. परीक्षा पूरे राज्य में एक ही शिफ्ट में संपन्न कराई गई थी.
16 साल में सबसे बेहतर परिणाम
इस साल 12वीं का परिणाम पिछले 16 वर्षों में सबसे बेहतर बताया जा रहा है. नियमित परीक्षार्थियों का पास प्रतिशत 76.01% रहा, जबकि स्वाध्यायी परीक्षार्थियों का पास प्रतिशत 30.60% दर्ज किया गया. इस बार भी सरकारी स्कूलों ने निजी स्कूलों से बेहतर प्रदर्शन किया. शासकीय स्कूलों का पास प्रतिशत 80.43% रहा, जबकि अशासकीय (प्राइवेट) स्कूलों का परिणाम 69.67% दर्ज किया गया. मेरिट लिस्ट में कुल 221 छात्रों ने जगह बनाई है. इनमें 158 छात्राएं और 63 छात्र शामिल हैं.
जिलेवार प्रदर्शन की बात करें तो झाबुआ ने सबसे बेहतर रिजल्ट दिया है. यहां 12वीं का पास प्रतिशत 93.23% दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक है.
कैसा रहा 10वीं रिजल्ट?
एमपी बोर्ड 10वीं के नतीजों में इस बार सरकारी स्कूलों ने बेहतर प्रदर्शन किया है. शासकीय स्कूलों का पास प्रतिशत 76.80% दर्ज किया गया, जबकि निजी (अशासकीय) स्कूलों का परिणाम 68.64% रहा.
वहीं, इस साल कुल 73.42% छात्र-छात्राएं परीक्षा में सफल हुए हैं, जो पिछले वर्षों की तुलना में बेहतर रिजल्ट की ओर संकेत करता है.
कैसे चेक करें MP Board 10th Result 2026
रिजल्ट देखने के लिए छात्रों को कुछ आसान स्टेप्स फॉलो करने होंगे. सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं. वहां 'MP Board 10th Result 2026' लिंक पर क्लिक करें. इसके बाद अपना रोल नंबर और आवेदन नंबर दर्ज करें. सबमिट करते ही स्क्रीन पर आपका रिजल्ट दिख जाएगा. भविष्य के लिए स्कोरकार्ड डाउनलोड करना न भूलें.
कब हुई थी परीक्षा
एमपी बोर्ड 10वीं की परीक्षाएं 13 फरवरी से 6 मार्च 2026 के बीच आयोजित की गई थीं. सभी परीक्षाएं एक ही शिफ्ट में सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक हुई थीं. परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई थी.
पास होने के लिए कितने अंक जरूरी
बोर्ड के नियमों के अनुसार, छात्रों को हर विषय में कम से कम 33 प्रतिशत अंक लाना अनिवार्य है. जो छात्र इस न्यूनतम अंक को प्राप्त नहीं कर पाएंगे, उन्हें दूसरी परीक्षा यानी सेकेंड चांस का मौका दिया जाएगा.
ADVERTISEMENT


