MP Board Results: आ गई मार्कशीट, सीहोर के पंप ऑपरेटर के बेटे ने 12वीं में गणित में किया टॉप, अब अफसर बनने का है सपना

सीहोर के श्लोक प्रजापति ने एमपी बोर्ड 12वीं की परीक्षा में विज्ञान-गणित समूह में 493 अंकों के साथ प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है. एक पंप ऑपरेटर के बेटे श्लोक अब यूपीएससी की तैयारी कर देश सेवा करना चाहते हैं.

MP Board Result
MP Board Result

न्यूज तक डेस्क

follow google news

मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (MP Board) के 12वीं के परीक्षा परिणाम घोषित हो गए हैं. इस साल के नतीजों ने सीहोर के एक साधारण परिवार में खुशियों की लहर ला दी है. सीहोर के रहने वाले श्लोक प्रजापति ने विज्ञान-गणित समूह (Science-Maths Group) में पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है. श्लोक ने 500 में से 493 अंक प्राप्त कर यह उपलब्धि हासिल की है.

Read more!

पिता खोलते हैं पानी की टंकी

श्लोक प्रजापति की सफलता की कहानी बेहद प्रेरणादायक है. उनके पिता हाउसिंग बोर्ड में ठेके पर पंप ऑपरेटर का काम करते हैं और शहर की पानी की टंकी खोलने की जिम्मेदारी संभालते हैं. आर्थिक संसाधनों की कमी के बावजूद श्लोक ने अपनी लगन को कम नहीं होने दिया. श्लोक सीहोर के नूतन बाल विद्या मंदिर स्कूल के छात्र हैं. उनकी इस सफलता पर पूरा स्कूल और जिला गर्व महसूस कर रहा है.

रोजाना 3-4 घंटे की पढ़ाई और स्कूल पर भरोसा

अपनी सफलता का मंत्र साझा करते हुए श्लोक ने बताया कि वे नियमित रूप से स्कूल जाते थे और घर पर रोजाना 3 से 4 घंटे की गंभीर पढ़ाई करते थे. उन्होंने अपनी इस कामयाबी का पूरा श्रेय अपने माता-पिता और स्कूल के शिक्षकों को दिया है. श्लोक का कहना है कि शिक्षकों के मार्गदर्शन और माता-पिता के प्रोत्साहन के बिना यह संभव नहीं था.

यूपीएससी (UPSC) के जरिए देश सेवा का लक्ष्य

भविष्य की योजनाओं के बारे में श्लोक का लक्ष्य पूरी तरह स्पष्ट है. वे आगे चलकर सिविल सर्विसेज (Civil Services) में जाना चाहते हैं और यूपीएससी की तैयारी करना चाहते हैं. श्लोक के पिता भी यही चाहते हैं कि उनका बेटा बड़ा अधिकारी बनकर देश की सेवा करे. परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद से ही श्लोक के घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है.

 

    follow google news