MP News: मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के भीतर हड़कंप मचा दिया है. यहां जुन्नारदेव के बीजेपी मंडल अध्यक्ष विवेक चंद्रवंशी की एक महिला के साथ कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें और एक खौफनाक ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस मामले के सामने आने के बाद सियासत के गलियारों में बवाल मच गया है और बीजेपी संगठन को बैकफुट पर आना पड़ा है.
ADVERTISEMENT
क्या है वायरल ऑडियो और तस्वीरों का विवाद?
सोशल मीडिया पर तैर रही तस्वीरों के साथ एक कथित ऑडियो क्लिप भी सामने आई है. इस वायरल ऑडियो में विवेक चंद्रवंशी कथित तौर पर उस महिला को गंभीर परिणाम भुगतने और उसका घर नेस्तानाबूत करने की धमकी देते सुनाई दे रहे हैं. ऑडियो में कहा जा रहा है, "तेरे घर को नेस्तोनाबूत नहीं किया तो अपने बाप की औलाद नहीं... तू मेरे खिलाफ उतर गई ना, अब मैं भी बताऊंगा." हालांकि, हमारा चैनल इस वायरल ऑडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है.
बीजेपी संगठन ने लिया कड़ा एक्शन
मामला गरमाते ही बीजेपी के प्रदेश नेतृत्व और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने इसका सीधा संज्ञान लिया. प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर छिंदवाड़ा जिला अध्यक्ष ने तुरंत एक्शन लेते हुए मंडल अध्यक्ष विवेक चंद्रवंशी को 'कारण बताओ नोटिस' जारी कर दिया है.
पार्टी के जिला अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि बीजेपी एक साफ-सुथरी और चरित्रवान कार्यकर्ताओं की पार्टी है. अनुशासनहीनता और दागदार छवि को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि स्पष्टीकरण का जवाब आने के बाद आगे की सख्त कार्रवाई तय की जाएगी.
बीजेपी नेता विवेक चंद्रवंशी ने दी सफाई
इस पूरे बवंडर के बीच खुद विवेक चंद्रवंशी ने सामने आकर अपनी सफाई दी है. उन्होंने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है और इसे अपने खिलाफ एक सोची-समझी राजनीतिक साजिश करार दिया है. चंद्रवंशी ने कहा, "मैंने इतने सालों तक पार्टी के लिए कड़ी मेहनत की, लेकिन इस भ्रामक कंटेंट की वजह से सब खराब करने की कोशिश की जा रही है." हालांकि, उन्होंने कहा कि पार्टी की साख को बचाने के लिए उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है और वह इस साजिश के पीछे शामिल लोगों के चेहरे बेनकाब करने के लिए कानूनी लड़ाई लड़ेंगे.
डीपफेक या राजनीतिक साजिश? जांच का विषय
आज के डिजिटल दौर में जब एआई (AI) और डीपफेक तकनीक के जरिए तस्वीरें और आवाजें आसानी से बदली जा सकती हैं, तब इस मामले में यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या यह नेताजी को राजनीतिक रूप से खत्म करने की कोई डिजिटल साजिश है या फिर कोई पुरानी रंजिश? फिलहाल, यह पूरा मामला जांच का विषय बना हुआ है, लेकिन इस घटना ने छिंदवाड़ा की राजनीति में भारी हलचल पैदा कर दी है.
ADVERTISEMENT


