ईरान और इजराइल के बीच छिड़ी भीषण जंग का असर अब सात समंदर पार मध्य प्रदेश के घरों में भी महसूस किया जा रहा है. मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और एयर स्पेस बंद होने के कारण मध्य प्रदेश के करीब 750 से 900 लोग दुबई और अन्य खाड़ी देशों में फंस गए हैं. इनमें से ज्यादातर लोग इंदौर और भोपाल के रहने वाले हैं, जो बिजनेस मीटिंग या किसी कार्यक्रम के सिलसिले में वहां गए थे.
ADVERTISEMENT
दुबई में मिसाइल हमलों का खौफ: संजय शुक्ला का वीडियो
इंदौर के पूर्व विधायक संजय शुक्ला ने दुबई से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो साझा किया है. वीडियो में उन्होंने दावा किया कि वे और उनके साथ इंदौर के कई अन्य लोग वहां फंसे हुए हैं और हालात बेहद खराब हैं. शुक्ला ने दिखाया कि कैसे उनके सामने ही बम और मिसाइलें गिरीं, जिससे आसमान धुएं से भर गया. उन्होंने बताया कि दुबई एयरपोर्ट के पास भी हमले हुए हैं और स्थानीय प्रशासन लगातार सायरन बजाकर लोगों को घरों या होटलों के अंदर रहने की चेतावनी दे रहा है.
सुरक्षित स्थानों पर छुपने को मजबूर एमपी के लोग
सरकार और भारतीय दूतावास के संपर्क में आए लोगों के मुताबिक, दुबई के ऊपर मिसाइलों को इंटरसेप्ट किया जा रहा है, जिसके मलबे शहर के विभिन्न हिस्सों में गिर रहे हैं. प्रशासन ने सभी को अलर्ट मैसेज भेजकर 'शेल्टर' में रहने और खिड़कियों से दूर रहने की सलाह दी है. इंदौर के कई बड़े कारोबारी और रसूखदार लोग जैसे पिंटू छाबड़ा, मनीष अग्रवाल, प्रवीण कक्कड़ और पूर्व विधायक विशाल पटेल भी इस समय वहीं मौजूद हैं.
750 से ज्यादा परिवार मांग रहे सलामती की दुआ
ट्रैवल एंड फेडरेशन के आंकड़ों के अनुसार, मध्य प्रदेश के करीब 750 से 900 यात्री इस समय खाड़ी देशों में फंसे हुए हैं. एयर स्पेस बंद होने के कारण उनकी वापसी की उड़ानें रद्द हो गई हैं. परिजनों का बुरा हाल है और वे केंद्र सरकार से अपनों की सुरक्षित वापसी के लिए गुहार लगा रहे हैं. कई यात्रियों के बच्चों ने प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से अपील की है कि उनके माता-पिता को जल्द से जल्द भारत लाया जाए.
एयरलाइंस ने दी राहत, लेकिन वापसी अनिश्चित
तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए एयर इंडिया, इंडिगो, स्पाइसजेट और आकाशा जैसी एयरलाइंस ने 10 तारीख तक की उड़ानों के लिए 'फ्री कैंसिलेशन' और री-शेड्यूलिंग की सुविधा दी है. हालांकि, एयर स्पेस कब खुलेगा, इस पर अभी भी अनिश्चितता बनी हुई है. ट्रैवल फेडरेशन के अध्यक्ष अमोल कटारिया ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे दूतावास के संपर्क में रहें और अपनी फ्लाइट का स्टेटस चेक करते रहें.
भारत सरकार एक्शन मोड में
भारतीय विदेश मंत्रालय और दुबई स्थित भारतीय दूतावास लगातार फंसे हुए भारतीयों के संपर्क में हैं. लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने की कोशिशें की जा रही हैं. पूर्व विधायक संजय शुक्ला ने भी भारत सरकार से विशेष विमान भेजकर भारतीयों को रेस्क्यू करने का निवेदन किया है, क्योंकि सड़क या समुद्री रास्ते से निकलना फिलहाल मुमकिन नहीं है.
यहां देखें वीडियो
ADVERTISEMENT

