'जिस घर में खेला-कूंजा, उसे तोड़ते हुए मन भरा...': सिंहस्थ-2028 के लिए CM मोहन यादव ने पैतृक मकान पर खुद चलाई गैंती

न्यूज तक डेस्क

28 Sep 2026 (अपडेटेड: Sep 28 2026 2:54 PM)

सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के बीच MP के CM डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण के लिए अपने पैतृक मकान पर खुद गैंती चलाकर जनहित और सादगी की अनूठी मिसाल पेश की.

NewsTak
Google CTA

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जन-कल्याण और सादगी की एक अनूठी मिसाल पेश की है. उज्जैन में आगामी सिंहस्थ महाकुंभ 2028 के समग्र विकास और सड़क चौड़ीकरण योजना के लिए उन्होंने अपने पैतृक निवास और जन्मस्थान का हिस्सा खुद समर्पित कर दिया. 27 सितंबर को अपने पुश्तैनी घर पहुंचे मुख्यमंत्री ने पहले विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और फिर खुद हाथों में गैंती लेकर मकान का प्रभावित हिस्सा तोड़कर विकास की नई नींव रखी.

Read more!

'जिस घर में पले-बढ़े, उसे तोड़ते समय भावुक होना स्वाभाविक' 

पैतृक मकान पर खुद गैंती चलाने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मीडिया से बात करते हुए भावुक नजर आए. उन्होंने कहा, "जिस घर में इंसान छोटा से बड़ा हुआ हो, खेला-कूंजा हो, उसे तोड़ना पड़े तो मन पर प्रभाव पड़ना स्वाभाविक है. लेकिन अगर सिंहस्थ जैसे पवित्र और बड़े आयोजन के लिए यह जरूरी है, तो हमें यह बलिदान देना ही चाहिए. आज पूरा देश देख रहा है कि उज्जैन के लोग दूसरों की सुविधा के लिए आनंद से अपने मकान पीछे हटा रहे हैं."

सर्वधर्म समभाव और जन-विश्वास का उदाहरण 

मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन की स्थायी आबादी भले ही 8 लाख के करीब है, लेकिन सिंहस्थ के दौरान यहां लगभग 40 करोड़ श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है. इस बड़े आयोजन को सुचारू बनाने के लिए शहर के हर वर्ग ने अपना योगदान दिया है.

उन्होंने कहा, "उज्जैन के लोगों ने खुद अपने मकान पीछे हटाकर एक आदर्श उदाहरण पेश किया है. मैं अपनी सरकार और उज्जैन की जनता को धन्यवाद देता हूं, जिन्होंने बिना किसी भेदभाव के चाहे हिंदू हों, मुसलमान, सिख, ईसाई या पारसी सभी ने जनहित के लिए अपने देवस्थान तक पीछे किए हैं. इससे सरकार और जनता के बीच भरोसा मजबूत होता है."

730 मीटर लंबे मार्ग का होगा 15 मीटर चौड़ीकरण 

उज्जैन में खजूर वाली मस्जिद से अब्दालपुरा, जीवाजीगंज थाना होते हुए गणेश चौक तक लगभग 730 मीटर लंबे मार्ग को 15 मीटर चौड़ा करने का काम शुरू किया गया है. इस विकास कार्य के लिए राज्य सरकार द्वारा लगभग 9.80 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की गई है. 

यह मार्ग शहर के सबसे व्यस्त संपर्क मार्गों में से एक है. सिंहस्थ महापर्व-2028 के दौरान यहां श्रद्धालुओं और वाहनों का भारी दबाव रहेगा, जिसे देखते हुए इस सड़क का चौड़ीकरण यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने में बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा. इसी चौड़ीकरण योजना के दायरे में मुख्यमंत्री का पैतृक मकान भी आ रहा था, जिस पर उन्होंने खुद गैंती चलाकर संदेश दिया कि कानून और विकास का नियम सभी के लिए समान है.