मध्य प्रदेश के दतिया में जमानत पर छूट कर आए बीजेपी नेता को बीच सड़क पर दौड़ाकर क्यों मारी गई गोली ?

दतिया में बीजेपी पार्षद कल्लू कुशवाहा की पुरानी रंजिश के चलते दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और इसे 11 साल पुराने विवाद का बदला बताया जा रहा है.

दतिया न्यूज
दतिया न्यूज

अशोक शर्मा

follow google news

मध्य प्रदेश के दतिया जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक बीजेपी पार्षद की बीच सड़क पर गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई. वारदात उस समय हुई जब पार्षद मॉर्निंग वॉक पर निकले थे. इस हत्याकांड के पीछे 11 साल पुरानी रंजिश और 'बदले की डेडलाइन' वाली थ्योरी सामने आ रही है, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है.

Read more!

सुबह की सैर बनी आखिरी सफर

मृतक की पहचान कल्लू कुशवाहा के रूप में हुई है, जो वार्ड नंबर-1 से बीजेपी पार्षद थे. 31 मार्च की सुबह करीब 8 बजे, जब कल्लू कुशवाहा सेवड़ा चुंगी चौराहे पर मॉर्निंग वॉक कर रहे थे, तभी घात लगाकर बैठे हमलावरों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी. गोलियों की आवाज से इलाका दहल गया और पार्षद ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. हमलावर वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार हो गए.

11 साल पुराना हिसाब और '31 मार्च' की तारीख

सूत्रों और स्थानीय चर्चाओं की मानें तो यह महज एक हत्या नहीं, बल्कि एक सोची-समझी 'सिंबॉलिक किलिंग' थी. बताया जा रहा है कि 11 साल पहले यानी 2013 में 31 मार्च को ही एक और हत्या हुई थी, जिसका बदला लेने के लिए हमलावरों ने इसी खास तारीख को चुना. सोशल मीडिया पर इस तारीख को लेकर पहले से ही अंदेशे जताए जा रहे थे, जो आखिरकार सच साबित हुए.

रसूख और विवादों का नाता

बीजेपी पार्षद कल्लू कुशवाहा का राजनीति में अच्छा रसूख था, लेकिन उनका दामन विवादों से भी घिरा था. वह खुद एक हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे थे और महज 4 महीने पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आए थे. पुलिस इसे पुरानी रंजिश का नतीजा मान रही है.

पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक और भारी बल मौके पर पहुंचा. पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए टीमों का गठन किया. ताजा जानकारी के अनुसार, पुलिस ने इस मामले में नामजद 6 आरोपियों में से 3 (गोलू कुशवाहा, सुधीर कुशवाहा और छोटू) को गिरफ्तार कर लिया है. अन्य फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है.

 

    follow google news