इस बीजेपी नेता ने साली से प्यार के चक्कर में पूरे परिवार को ही थार से कुचल दिया, जानें पूरा मामला

खंडवा में एकतरफा प्यार में पागल बीजेपी नेता लौकुश राठौर ने अपनी साली के परिवार की कार को थार से टक्कर मारकर दो लोगों की हत्या कर दी. पुलिस ने मामले में हत्या का केस दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है.

मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश

आशुतोष शुक्ला

follow google news

मध्य प्रदेश के खंडवा जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां सत्ता के रसूख और एकतरफा प्यार के जुनून में अंधे हुए एक कथित बीजेपी नेता ने अपनी ही साली और उसके पूरे परिवार को कार से कुचलने की कोशिश की. इस खौफनाक साजिश में आरोपी ने अपनी थार (Thar) गाड़ी से पीड़ित परिवार की बलेनो (Baleno) कार को जोरदार टक्कर मारी, जिसमें दो लोगों की जान चली गई.

Read more!

क्या है पूरा मामला?

घटना खंडवा के मूंदी इलाके की है. आरोपी की पहचान लौकुश राठौर के रूप में हुई है, जो इलाके का सक्रिय बीजेपी नेता और मुरुम खदान का कारोबारी बताया जा रहा है. लौकुश शादीशुदा है लेकिन वह अपनी पत्नी की बुआ की बेटी (साली) से एकतरफा प्यार करता था. जब उसे पता चला कि उसकी साली की शादी कहीं और तय हो गई है और अगले महीने उसकी डोली उठने वाली है तो वह आगबबूला हो गया.

एक्सीडेंट नहीं, सोची-समझी साजिश

शुरुआत में यह मामला एक सामान्य सड़क हादसा लग रहा था लेकिन जब पुलिस ने जांच की तो परतें खुलती चली गईं. पुलिस के मुताबिक, घटना से पहले लौकुश ने पुलिस को गुमराह करने के लिए एक झूठी शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी साली को उसके परिवार वालों ने बंधक बना लिया है. पुलिस मौके पर पहुंची और पाया कि मामला फर्जी है. पुलिस के वापस लौटते ही लौकुश का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया.

जब पीड़ित परिवार अपनी नई बलेनो कार से सिंगाजी जा रहा था, तभी लौकुश ने अपनी थार गाड़ी से उनकी कार को सीधी टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बलेनो कार गड्ढे में गिरकर मलबे के ढेर में तब्दील हो गई.

दो की मौत, तीन की हालत नाजुक

इस जघन्य कृत्य में आरोपी की रिश्ते की सास और साले की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. वहीं, आरोपी की साली, जिसकी शादी होने वाली थी, समेत परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हैं और अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं.

रसूखदारों की 'थार' और आम आदमी की जान

खंडवा की इस घटना ने एक बार फिर रसूखदारों की गुंडागर्दी पर सवाल खड़े कर दिए हैं. हाल ही में शिवपुरी में भी एक बीजेपी विधायक के बेटे ने अपनी थार से पाँच लोगों को कुचल दिया था. खंडवा पुलिस ने अब लौकुश राठौर के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है.

 

    follow google news