MP Crime News: 2 महीने की प्रेग्नेंट थी रानी पचौरी, लेकिन आखिरी फोन कॉल के बाद जो हुआ... उसने सबको हिलाकर रख दिया!

मध्य प्रदेश के मुरैना में 24 वर्षीय दो महीने की गर्भवती रानी पचौरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसके बाद मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या और प्रताड़ना का आरोप लगाया है. मौत से कुछ देर पहले मृतका ने मायके फोन कर सिर्फ रोते हुए सिसकियां ली थीं, फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की तफ्तीश कर रही है.

मध्य प्रदेश से आया हैरान करने वाला मामवा
मध्य प्रदेश से आया हैरान करने वाला मामला

हेमंत शर्मा

follow google news

MP Crime: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के पोरसा इलाके से एक बेहद दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां 24 साल की एक गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतका की पहचान रानी पचौरी के रूप में हुई है, जो दो महीने की गर्भवती थी. रविवार की रात पोरसा अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड के सामने एक गाड़ी आकर रुकी, जिससे उतरे लोग बदहवास हालत में रानी को लेकर अंदर भागे. हालांकि, डॉक्टरों ने नब्ज टटोलते ही उसे मृत घोषित कर दिया और कहा कि वह अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ चुकी थी.

Read more!

रानी पचौरी मूल रूप से भिंड जिले के गढ़ गनेरा गांव की रहने वाली थी. उसकी शादी 17 मई 2025 को पोरसा के रहने वाले अभिषेक उपाध्याय से बेहद धूमधाम से हुई थी. सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन आरोप है कि शादी की पहली सालगिरह बीतते ही ससुराल वालों ने रानी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया.

आखिरी फोन कॉल और सिसकियों का रहस्य

रानी के भाई अमन पचौरी के मुताबिक, घटना वाले दिन यानी रविवार की शाम रानी ने मायके फोन किया था. मां ने जैसे ही फोन उठाया, दूसरी तरफ से सिर्फ रोने और सिसकने की आवाजें आ रही थीं. रानी कुछ बोल नहीं पा रही थी, वह सिर्फ रोए जा रही थी. मां के बार-बार पूछने पर भी उसने कुछ नहीं कहा और कुछ देर बाद फोन कट गया. यह रानी का अपने परिवार के लिए आखिरी कॉल साबित हुआ.

इसके कुछ ही समय बाद ससुराल पक्ष की ओर से मायके वालों को सूचना दी गई कि रानी को हार्ट अटैक आया है. जब तक मायके वाले भिंड से पोरसा पहुंचे, तब तक रानी की मौत हो चुकी थी और अस्पताल में कहानी पूरी तरह बदल चुकी थी. मायके पक्ष का आरोप है कि ससुराल वालों ने पुलिस को बिना कोई सूचना दिए ही सीधे शव को अस्पताल पहुंचा दिया. भाई अमन का आरोप है कि उसकी बहन की हत्या की गई है.

पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा. फिलहाल, एक हंसती-खेलती 24 साल की युवती और उसके गर्भ में पल रहे दो महीने के मासूम की मौत ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. 

 

    follow google news