मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. रविवार तड़के जबलपुर-अमरकंटक नेशनल हाईवे पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़े लोगों को कुचल दिया. इस दर्दनाक हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है.
ADVERTISEMENT
कैसे हुआ हादसा?
यह घटना गड़ासराय थाना क्षेत्र के किकरातालाब गांव के पास रात करीब 1 बजे की है. जानकारी के अनुसार, कुछ लोग पिकअप वाहन में सवार होकर अपने घर जा रहे थे. अचानक गाड़ी का टायर पंचर हो गया, जिसके बाद ड्राइवर ने गाड़ी को हाईवे के किनारे खड़ा कर दिया.
जब ड्राइवर टायर बदल रहा था, तब गाड़ी में सवार अन्य लोग भी नीचे उतरकर पास ही खड़े हो गए थे. इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने इन सभी को अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि 5 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
ट्रक चालक को नींद की झपकी आ गई थी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को तुरंत अस्पताल पहुंचाया. डिंडोरी एसपी वहनी सिंह के मुताबिक, पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है. शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि ट्रक चालक को नींद की झपकी आ गई थी, जिससे वह संतुलन खो बैठा. हालांकि, चालक का दावा है कि लोग सड़क के बीच में खड़े थे, जिसकी वजह से वह उन्हें बचा नहीं सका.
ग्रामीणों में आक्रोश
इस घटना के बाद इलाके में तनाव और शोक का माहौल है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस नेशनल हाईवे पर ट्रक चालक अक्सर लापरवाही से वाहन चलाते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं. प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मृतकों के परिजनों को ढांढस बंधाया है.
ADVERTISEMENT


