मध्य प्रदेश के जबलपुर में कटंगी बाईपास स्थित 'होटल सुकून' में शनिवार को उस वक्त भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने अनैतिक गतिविधियों की शिकायत पर सीधे कमरों में छापेमारी कर दी. इस कार्रवाई के दौरान होटल के एक कमरे से दो युवक और दो महिलाएं संदिग्ध परिस्थितियों में पाई गईं. इसके बाद मौके पर भारी तनाव फैल गया और पुलिस की मौजूदगी में ही युवकों के साथ मारपीट की घटना भी सामने आई है.
ADVERTISEMENT
होटल के रजिस्टर से एंट्री गायब, मचा भारी बवाल
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि उन्हें होटल सुकून में लंबे समय से अवैध और अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिल रही थी, जिसकी होटल प्रबंधन लगातार अनदेखी कर रहा था. इसी इनपुट के आधार पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता होटल पहुंचे और कमरों की जांच शुरू कर दी.
हंगामे के बीच सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि संदिग्ध अवस्था में मिले लोगों की होटल के एंट्री रजिस्टर में कोई रिकॉर्ड या एंट्री दर्ज नहीं थी. होटल प्रबंधन के पास ठहरने वालों का कोई औपचारिक पहचान पत्र या आईडी प्रूफ भी उपलब्ध नहीं था. इस भारी लापरवाही को देखकर कार्यकर्ताओं का गुस्सा भड़क गया, जिसके बाद होटल परिसर में तोड़फोड़ और अफरातफरी की स्थिति बन गई. पकड़े गए युवकों में से एक की पहचान फरहज अली कादरी के रूप में हुई है, जबकि बाकी की जांच जारी है.
पुलिस वैन में बैठाने के दौरान कार्यकर्ताओं ने की मारपीट
घटना की सूचना मिलते ही माडोताल थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और चारों संदिग्धों को हिरासत में ले लिया. हालांकि, पुलिस की मौजूदगी के बावजूद माहौल पूरी तरह शांत नहीं हुआ. जब पुलिस इन लोगों को गाड़ी (वैन) में बैठाकर थाने ले जा रही थी, तभी कुछ कार्यकर्ताओं ने पुलिस के सामने ही युवकों पर हाथ साफ कर दिया और उनके साथ मारपीट की. इसके बाद पुलिस ने बीच-बचाव करते हुए सभी को सुरक्षित गाड़ी में बैठाया और थाने लेकर रवाना हुई.
हिंदू संगठनों की शिकायत पर केस दर्ज
माडोताल थाना पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों द्वारा होटल में संदिग्ध लोगों के ठहरने और आवागमन को लेकर आपत्ति दर्ज कराई गई थी. इस दौरान होटल ओनर और वहां के स्टाफ द्वारा वाद-विवाद भी किया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संगठनों की तरफ से एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है और मामले की विवेचना शुरू कर दी है.
पुलिस अब होटल के सीसीटीवी फुटेज, एंट्री रजिस्टर और आईडी प्रूफ खंगाल रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि होटल संचालक को भी पूछताछ के लिए तलब किया गया है. यदि जांच में नियमों के उल्लंघन या अवैध गतिविधियों को बढ़ावा देने की पुष्टि होती है, तो होटल प्रबंधन के खिलाफ बेहद सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी .
ADVERTISEMENT


