मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में पुलिस की वर्दी और अनुशासन की मर्यादा को तार-तार करने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां खालवा थाने में पदस्थ आरक्षक मिर्जा अफराज बेग पर पुलिस की वर्दी में आपत्तिजनक व अश्लील रील्स बनाने और महिलाओं के साथ अश्लील चैट करने के गंभीर आरोप लगे हैं. सोशल मीडिया पर इस आरक्षक के वीडियो और चैट के स्क्रीनशॉट वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
आरोप है कि आरक्षक मिर्जा अफराज बेग ने सोशल मीडिया पर पुलिस की वर्दी पहनकर कई आपत्तिजनक और अश्लील रील्स बनाईं, जिसमें वह फिल्मी अंदाज में अपनी वर्दी उतारकर बॉडी का प्रदर्शन करता नजर आ रहा है. मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब हिंदू संगठनों ने इस आरक्षक के खिलाफ मोर्चा खोल दिया.
हिंदू संगठन के नेताओं का आरोप है कि यह आरक्षक अपनी वर्दी का रौब दिखाकर महिलाओं और लड़कियों को डराता-धमकाता था, उन्हें जाल में फंसाता था और उनके साथ अश्लील बातचीत (चैट) करने के साथ-साथ अपनी नग्न तस्वीरें और वीडियो भेजता था.
हिंदू संगठन ने सौंपा ज्ञापन
हिंदू संगठन के नेता अशोक पालीवाल ने पुलिस अधीक्षक (SP) के नाम नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) को एक ज्ञापन सौंपा है. संगठन ने सबूत के तौर पर पुलिस अधिकारियों को अश्लील चैट, फोटो और वीडियो के स्क्रीनशॉट सहित कई दस्तावेज भी सौंपे हैं. अशोक पालीवाल ने मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया, "यह आरक्षक अपनी वर्दी के प्रभाव में महिलाओं से अश्लील बातचीत करता था और उन्हें जान से मारने की धमकी देता था. हमारे पास ऐसे वीडियो और फोटो हैं जिसमें वह पूरी तरह नग्न अवस्था में है. वह महिला का वीडियो चालू करके उसके सामने अपनी वर्दी उतार रहा था. उसने कई बहन-बेटियों को अपने जाल में फंसा रखा है, जिनका शारीरिक शोषण हो रहा है. हमने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है."
पुलिस विभाग का एक्शन
शिकायत और सबूत सामने आने के बाद खंडवा पुलिस ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया है. शुरुआती जांच में आरक्षक के कुछ फोटो, वीडियो और चैट प्रथम दृष्टया बेहद आपत्तिजनक और अशोभनीय पाए गए हैं. पुलिस विभाग का कहना है कि इस तरह की गतिविधियां खाकी की छवि को धूमिल करती हैं और इन्हें किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. तत्काल कार्रवाई करते हुए आरक्षक मिर्जा अफराज बेग को प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया गया है. मामले की पूरी जांच नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) को सौंप दी गई है.
जांच के बाद होगी वैधानिक कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, एक संगठन द्वारा दी गई शिकायत के सभी बिंदुओं की गहनता से विभागीय जांच की जा रही है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे फोटो और चैट की सत्यता की पड़ताल की जा रही है. जांच रिपोर्ट में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आरोपी आरक्षक के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक और वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT


