सोशल मीडिया पर 'व्यूज' के चक्कर में गई जान, MP के मऊगंज में रील बनाने के दौरान खौफनाक हादसा, 3 की मौत

MP Mauganj Road Accident: मध्य प्रदेश के मऊगंज में नेशनल हाईवे पर रील बनाने के दौरान एक दर्दनाक हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हैं. तेज रफ्तार बाइक से स्टंट करते समय युवक सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से टकरा गए, जिसका खौफनाक वीडियो भी वायरल हुआ है.

मध्य प्रेदेश वायरल वीडियो
मध्य प्रेदेश वायरल वीडियो

हरिओम सिंह

follow google news

MP Mauganj Road Accident News:मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो सामने आया है. सोशल मीडिया पर रील (Reel) बनाने और फेम पाने की चाहत एक बार फिर तीन परिवारों के लिए मातम में बदल गई. नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार बाइक से स्टंट कर रहे तीन युवक सीधे एक ट्रेलर में जा घुसे, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.

Read more!

रील बनाने के चक्कर में गई जान

घटना मऊगंज थाना क्षेत्र के पन्नी पथरिया स्थित नेशनल हाईवे की है. जानकारी के मुताबिक, एक पल्सर बाइक पर तीन युवक सवार थे और वे काफी तेज गति में बाइक चलाते हुए मोबाइल से रील बना रहे थे. इसी दौरान संतुलन बिगड़ा और उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े ईंटों से लदे एक ट्रेलर से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक उछलकर काफी दूर जा गिरे.

हादसे के बाद एक और बाइक टकराई

दर्दनाक बात यह रही कि इस हादसे के तुरंत बाद पीछे से आ रही एक दूसरी बाइक भी उसी ट्रेलर से टकरा गई. इस दूसरी बाइक पर दो सगे भाई सवार थे, जो गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें संजय गांधी अस्पताल रेफर कर दिया गया है.

मृतकों और घायलों की पहचान

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान 17 वर्षीय उपलक्ष कोल, 22 वर्षीय अमरीश कोल और 17 वर्षीय हेमराज कोल के रूप में हुई है. ये तीनों ही लोहर थाना क्षेत्र के बेला गांव के निवासी थे. वहीं, दूसरी बाइक पर सवार घायल युवकों की पहचान चितपुरवा गांव के प्रशांत द्विवेदी और प्रदीप द्विवेदी के रूप में हुई है.

पुलिस की चेतावनी

एसडीओपी सचिव पाठक ने बताया कि यह पूरी घटना लापरवाही और जानलेवा स्टंट का परिणाम है. पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर चंद व्यूज या फेम के लिए अपनी जान जोखिम में न डालें. हाईवे पर इस तरह के स्टंट न केवल गैर-जिम्मेदाराना हैं बल्कि खुद के साथ-साथ दूसरों की जान के लिए भी खतरा पैदा करते हैं.


 

    follow google news