53 साल के किसान को हनी ट्रैप में फंसाकर मांगे ₹4 लाख, 'रेप और SC-ST एक्ट' का डर दिखाकर ब्लैकमेलिंग ?

हेमंत शर्मा

• 08:39 PM • 14 Oct 2026

भिंड में 53 वर्षीय किसान को प्यार के जाल में फंसाकर अश्लील वीडियो बनाया और ₹4 लाख की रंगदारी मांगी. देहात थाना पुलिस ने ₹50 हजार की पहली किश्त लेते समय महिला समेत 2 आरोपियों को रंगे हाथों दबोचा.

NewsTak
भिंड में हनी ट्रैप के आरोपी गिरफ्तार
Google CTA

भिंड: क्या एक अनजान फोन कॉल, मीठी बातें और झूठी हमदर्दी किसी की जिंदगी तबाह कर सकती है? मध्य प्रदेश के भिंड जिले से एक ऐसा ही सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 53 साल के एक सीधे-साधे किसान को हवस और लालच का शिकार बनाया गया. शातिर गिरोह ने पहले किसान को अपने प्यार के जाल में फंसाया, फिर अश्लील वीडियो बनाकर 4 लाख रुपये की भारी-भरकम रंगदारी मांग डाली. आरोप है कि किसान को झूठे रेप केस और सख्त SC-ST एक्ट में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकियां दी जा रही थीं. हालांकि, इस बार ब्लैकमेलरों का गणित उलझ गया और पुलिस की बिछाई बिसात में आरोपी रंगे हाथों दबोचे गए. 

Read more!

मीठी बातों से शुरू हुई कहानी, कमरे में रिकॉर्ड हुआ अश्लील वीडियो  

पूरा मामला भिंड के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत हरनाथपुरा गांव का है. पीड़ित 53 वर्षीय किसान मेहनत-मजदूरी करके अपने परिवार का पेट पालता है. कुछ समय पहले उसके फोन पर 'बेबी' नाम की एक महिला की कॉल आई. मीठी-मीठी बातों से शुरू हुआ यह सिलसिला जल्द ही मुलाकातों तक पहुंच गया.

महिला ने किसान को पूरी तरह अपने विश्वास में लिया और एक दिन संबंध बनाने के लिए राजी कर लिया. लेकिन किसान को अंदाजा भी नहीं था कि कमरे के एक कोने में हिडन कैमरे से उसकी प्रतिष्ठा और जिंदगी का सौदा रिकॉर्ड हो रहा था.

₹4 लाख की डिमांड और 'रेप-SC/ST एक्ट' में फंसाने की धमकी 

वीडियो रिकॉर्ड होते ही महिला का रवैया पूरी तरह बदल गया. मीठी बातों की जगह खौफनाक ब्लैकमेलिंग ने ले ली. इस घिनौने खेल में महिला के साथ उसका साथी विश्ववीर राजावत भी शामिल हो गया.आरोप है कि दोनों ने किसान को धमकाना शुरू किया कि अगर उसने 4 लाख रुपये नहीं दिए, तो वे उस पर रेप और SC-ST एक्ट के तहत केस दर्ज करवा देंगे. समाज में बदनामी और जेल जाने के डर से किसान कई दिनों तक मानसिक तनाव और खौफ में घुटता रहा.

पुलिस का मास्टरस्ट्रोक: ₹50 हजार की किश्त लेते रंगे हाथों गिरफ्तारी 

जब पानी सिर से ऊपर चला गया, तो किसान ने हिम्मत जुटाई और 10 अक्टूबर को देहात थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई. मामले की गंभीरता को देखते हुए भिंड पुलिस अधीक्षक (SP) सूरज कुमार वर्मा के निर्देशन में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया. देहात थाना प्रभारी (TI) शिवप्रताप सिंह राजावत ने आरोपियों को पकड़ने के लिए एक मजबूत जाल बिछाया. किसान से कहा गया कि वह आरोपियों से बात करे और बताए कि वह पहली किश्त के रूप में ₹50,000 देने के लिए तैयार है. पुलिस टीम को सादे कपड़ों में तय स्थान के आसपास तैनात कर दिया गया. 

जैसे ही बाइक पर सवार होकर बेबी जाटव और विश्ववीर राजावत पैसे लेने पहुंचे और बेबी ने नोटों से भरा बैग हाथ में लिया, सादी वर्दी में मौजूद पुलिस टीम ने उन्हें चारों तरफ से घेरकर रंगे हाथों दबोच लिया.

जेल से छूटे अपराधियों का नेटवर्क, 2 बड़े आरोपी अभी भी फरार 

आरोपियों को थाने लाकर जब कड़ाई से पूछताछ की गई, तो इस गिरोह के तार एक बड़े हनी ट्रैप नेटवर्क से जुड़े मिले. पुलिस के मुताबिक इस गिरोह के मुख्य सरगना ममता बघेल और बबलू उपाध्याय हैं. मई महीने में भी ममता और बबलू को हनी ट्रैप के ही एक अन्य मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था. जमानत पर बाहर आते ही दोनों ने बेबी जाटव और विश्ववीर राजावत को आगे करके गिरोह को फिर से सक्रिय कर दिया था. फिलहाल देहात थाना पुलिस फरार ममता बघेल और बबलू उपाध्याय की तलाश में जगह-जगह दबिश दे रही है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस गिरोह ने अब तक और कितने मासूम लोगों को अपना शिकार बनाया है.