MP News: मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. ये एक ऐसी लव स्टोरी है जहां दोस्ती तो सोशल मीडिया पर हुईस लेकिन इसका अंत हत्या के साथ हुआ. राजस्थान से 900 किलोमीटर दूर अपनी 'प्रेमिका' से मिलने आए युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई और उसके शव को 40 फीट गहरी खाई में फेंक दिया गया. इस पूरी साजिश के पीछे कोई और नहीं, बल्कि वही लड़की थी जिससे वह प्यार करता था.
ADVERTISEMENT
राजस्थान के एक छोटे से गांव का रहने वाला वीरू जाट इंस्टाग्राम रील के जरिए मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर की रहने वाली रीना किरार के संपर्क में आया था. धीरे-धीरे यह दोस्ती प्यार में बदल गई और वीरू अक्सर रीना से मिलने मध्य प्रदेश आने लगा. लेकिन वीरू इस बात से अनजान था कि रीना की जिंदगी में पहले से ही उसका बचपन का प्यार अरुण पटेल मौजूद था.
लग्जरी लाइफ और जलन की त्रिकोणीय कहानी
रीना अपने पति से अलग रहती थी और उसका प्रेमी अरुण उस पर दिल खोलकर पैसा खर्च करता था. महंगी कार (XUV 700), आईफोन और गहने, रीना की हर जरूरत अरुण पूरी करता था. जब अरुण को वीरू और रीना के बीच बढ़ती नजदीकियों का पता चला, तो उसने जलन में वीरू को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली.
हत्या की खौफनाक रात
29 अप्रैल को रीना ने वीरू को मिलने के लिए साईं खेड़ा बुलाया. जैसे ही वीरू कमरे में पहुंचा, वहां पहले से मौजूद अरुण पटेल और उसके साथी हरनाम किरार ने उस पर बेसबॉल बैट से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. वीरू की मौके पर ही मौत हो गई. हत्या के बाद आरोपियों ने शव को XUV 700 की डिक्की में डाला और रायसेन जिले के नागिन मोड़ के पास एक गहरी खाई में फेंक दिया.
एक स्कूल कॉपी ने खोला राज
7 मई को जब पुलिस को वीरू की सड़ी-गली लाश मिली, तो उसकी पहचान करना मुश्किल था. हालांकि, शव के पास मिले एक बैग में मौजूद स्कूल की कॉपी पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुई. कॉपी पर मौजूद टीचर की हैंडराइटिंग के जरिए पुलिस साईं खेड़ा पहुंची. जब पुलिस रीना के घर पहुंची तो वह ताला लगाकर गायब थी, जिससे शक गहरा गया.
उज्जैन से हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और मुखबिरों की मदद से तीनों आरोपियों, रीना किरार, अरुण पटेल और हरनाम सिंह किरार को उज्जैन से गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. सोशल मीडिया पर शुरू हुई यह 'प्रेम कहानी' अब सलाखों के पीछे पहुंच चुकी है.
ADVERTISEMENT


