मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले से घरेलू हिंसा और क्रूरता की एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप उठे. यहाँ एक पति ने मामूली बात पर उपजे विवाद के बाद अपनी ही पत्नी को घर के पिलर (खंभे) से लोहे की जंजीर और ताले से बांधकर कैद कर दिया. इतना ही नहीं, आरोपी ने महिला को गर्म सरिए से बेरहमी से दागा भी. इस भयानक यातना के बीच महिला ने अदम्य साहस का परिचय दिया और पत्थर से ताला तोड़कर, गले में जंजीर लटकाए रात के अंधेरे में 6 किलोमीटर पैदल चलकर थाने पहुंची और न्याय की गुहार लगाई.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
यह पूरी घटना राजगढ़ जिले के खिलचीपुर थाना क्षेत्र के छिपीपुरा गांव की है. पीड़ित महिला मांगीबाई तंवर के मुताबिक, 10 जून की रात उसका पति सरदार सिंह तंवर शराब के नशे में धुत्त होकर घर लौटा था. खाना परोसने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ, जिसके बाद पति ने गाली-गलौज करते हुए मांगीबाई की बेरहमी से पिटाई कर दी.
जान बचाने के लिए मांगीबाई रात में ही घर से भागकर थाने की तरफ चल पड़ी, लेकिन खिलचीपुर पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसके पति ने उसे दोबारा पकड़ लिया. आरोप है कि रास्ते में भी उसके साथ मारपीट की गई और उसे जबरन घसीटते हुए वापस घर लाया गया.
गर्म सरिए से दागा और बुलाई पंचायत
घर लाने के बाद आरोपी पति ने मांगीबाई के गले में लोहे की जंजीर डाली, उसे घर के एक पिलर से बांधा और ताला लगा दिया. महिला की आवाज को दबाने के लिए उसने लोहे के सरिए को आग में गर्म किया और उसके शरीर पर कई जगह दागा. करीब 24 घंटे तक महिला इस दर्दनाक कैद में तड़पती रही. इस दौरान न उसे खाना दिया गया और न ही किसी से बात करने की इजाजत दी गई. इसके बाद आरोपी पति गांव और आसपास के लोगों की 'पंचायत' बुलाने बाहर गया, ताकि महिला पर पुलिस शिकायत वापस लेने और चुप रहने का दबाव बनाया जा सके.
पत्थर से तोड़ी बेड़ियां और तय किया 6 किमी का सफर
जब पति लोगों को बुलाने बाहर गया, तो घर में अकेली मांगीबाई को एक पत्थर (बाटा) दिखाई दिया. उसने उसी पत्थर से जंजीर के ताले पर लगातार वार किए. कई कोशिशों के बाद आखिरकार ताला टूट गया और कैद का दरवाजा खुल गया. इसके बाद पैरों में चुभते कांटे, सुनसान जंगल के रास्ते और शरीर पर गहरे जख्मों के बावजूद वह गले में जंजीर और ताला लटकाए रात के अंधेरे में लगातार चलती रही. रास्ते में कुछ लोगों ने उसे इस हालत में देखा तो मानसिक रूप से अस्वस्थ समझ लिया. हालांकि, एक राहगीर ने उसकी हालत देखकर उसे खाने के लिए नाश्ता दिया. इसके बाद वह सीधे खिलचीपुर थाने पहुंची.
पुलिस भी रह गई दंग, आरोपी पति गिरफ्तार
शुक्रवार रात करीब 10:00 बजे जब मांगीबाई गले में जंजीर और ताला लटकाए थाने के भीतर दाखिल हुई, तो उसकी गंभीर हालत और शरीर पर जलने के निशान देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए. पुलिस ने तुरंत महिला का मेडिकल टेस्ट कराया, जिसमें चोटों और गर्म सरिए से जलने के निशानों की पुष्टि हुई है.
खिलचीपुर थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी पति सरदार सिंह तंवर के खिलाफ मारपीट, बंधक बनाने सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और उसे कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में कुबूल किया है कि महिला उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज न करा सके, इसलिए उसने उसे जंजीर से बांधा था.
ADVERTISEMENT


