रीवा: नाम बदला, हिंदु बनकर की मंदिर में शादी और फिर... 20 साल की गोल्डी की मौत के बाद कब्र खोदकर निकाला गया शव

रीवा की गोल्डी साकेत की संदिग्ध मौत के 35 दिन बाद प्रशासन के आदेश पर प्रयागराज में उसकी कब्र खोदकर शव निकाला गया और परिजनों ने हिंदू रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार किया.

रीवा से आया हैरान करने वाला मामला
रीवा से आया हैरान करने वाला मामला

आशुतोष शुक्ला

follow google news

मध्य प्रदेश के रीवा और उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है. सोशल मीडिया के छलावे, पहचान छिपाकर शादी और आखिरकार एक 20 साल की गर्भवती युवती की संदिग्ध मौत की यह खौफनाक दास्तान है. रीवा की रहने वाली एक हिंदू युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के करीब 35 दिन बाद, प्रशासन के आदेश पर कब्र खोदकर उसका शव निकाला गया. इसके बाद परिजनों ने प्रयागराज में ही हिंदू रीति-रिवाज से उसका अंतिम संस्कार किया. मृतका के परिजनों का आरोप है कि युवक ने अपनी धार्मिक पहचान छिपाकर युवती को प्रेम जाल में फंसाया और बाद में उसकी हत्या कर दी.

Read more!

इंस्टाग्राम से शुरू हुई थी 'प्रिंस' और गोल्डी की कहानी

यह पूरी कहानी रीवा जिले के तमरी गांव की रहने वाली गोल्डी साकेत की है. गोल्डी हैदराबाद की एक बिस्कुट फैक्ट्री में काम करती थी. वहीं, उत्तर प्रदेश के प्रयागराज का रहने वाला साहिल खान एक टेलरिंग शॉप में काम करता था. दोनों की मुलाकात इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी. आरोप है कि साहिल ने इंस्टाग्राम पर 'प्रिंस' नाम से फर्जी आईडी बना रखी थी और खुद को हिंदू बताकर गोल्डी से दोस्ती की.

प्यार परवान चढ़ा तो दोनों ने हैदराबाद के ही एक मंदिर में शादी कर ली. शादी के कुछ समय बाद जब गोल्डी के सामने साहिल का सच आया, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई. हालांकि, विवाद के बाद साहिल ने उसे मना लिया और बाद में दोनों का मस्जिद में निकाह भी करा दिया गया. इसके बाद साहिल की नौकरी गुजरात के सूरत में लग गई और वह गोल्डी को लेकर वहां चला गया.

गर्भवती होने पर प्रताड़ना और सिम कार्ड तोड़ने का आरोप

गोल्डी की मां बेबी देवी और बहन सीतू का आरोप है कि साहिल के घरवाले इस शादी से खुश नहीं थे. फरवरी 2026 में जब गोल्डी गर्भवती हुई, तो उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना का सिलसिला शुरू हो गया. परेशान होकर गोल्डी एक बार अपने मायके लौट आई थी, लेकिन साहिल माफी मांगकर और मिन्नतें करके उसे दोबारा अपने साथ ले गया. मायके वालों का कहना है कि दोबारा ले जाने के बाद साहिल ने गोल्डी का सिम कार्ड तोड़कर फेंक दिया, ताकि वह अपने परिवार से संपर्क न कर सके.

चुपचाप दफनाया शव

परिजनों के मुताबिक, 10 मई 2026 को संदिग्ध हालात में गोल्डी की मौत हो गई. ससुराल वालों का दावा था कि उसे उल्टी-दस्त की शिकायत थी और इलाज के दौरान उसकी मौत हुई. हैरान करने वाली बात यह रही कि साहिल और उसके परिवार ने गोल्डी के मायके वालों को उसकी मौत की सूचना तक नहीं दी और अगले ही दिन यानी 11 मई को चुपचाप शव को प्रयागराज के एक कब्रिस्तान में दफना दिया.

गोल्डी के परिवार को इस घटना की भनक करीब एक महीने बाद 6 जून को सोशल मीडिया और साहिल के दोस्तों के जरिए लगी. इसके बाद परिवार तुरंत रीवा से प्रयागराज पहुंचा और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.

35 दिन बाद खुदी कब्र, पोस्टमार्टम में उलझा पेच

लड़की के परिवार की लिखित शिकायत और प्रयागराज के जिलाधिकारी के आदेश के बाद 16 जून को (मौत के करीब 35 दिन बाद) पुलिस की मौजूदगी में कब्र खोदी गई और गोल्डी का शव बाहर निकाला गया. चूंकि शव एक महीने से अधिक समय से दफन था, इसलिए उसकी स्थिति काफी खराब हो चुकी थी.

दो डॉक्टरों के पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराया गया, लेकिन शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की असली वजह साफ नहीं हो पाई है. इसके बाद डॉक्टरों ने विसरा सुरक्षित रख लिया है, जिसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा. शव मिलने के बाद पुलिस की मौजूदगी में गोल्डी के परिजनों ने हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार उसका अंतिम संस्कार किया.

परिजनों का आरोप- पहचान छिपाकर जाल बुना

गोल्डी की मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है. उन्होंने सीधा आरोप लगाया है कि यह पहचान छिपाकर लव जिहाद जैसा जाल बुनने का मामला है. मां बेबी देवी ने कहा, "मेरी बेटी हट्टी-कट्टी थी, वह एक दिन में उल्टी-दस्त से कैसे मर सकती है? उसे जहर देकर मारा गया है. हम चाहते हैं कि आरोपी साहिल और उसकी मां को फांसी की सजा मिले."

उधर, प्रयागराज पुलिस के मुताबिक, परिजनों की तहरीर पर कब्र से शव निकालकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करा दी गई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम और विसरा रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चलेगा, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल रीवा और प्रयागराज की पुलिस इस पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है.

 

    follow google news