देश में दहेज प्रथा को रोकने के लिए तमाम कड़े कानून बने हैं लेकिन इसके बावजूद आज भी कई बेटियों के सपने इस कुप्रथा की बलि चढ़ रहे हैं. ताजा मामला मध्य प्रदेश के सागर जिले के खुरई से सामने आया है, जहां शादी की खुशियां कुछ ही मिनटों में मातम जैसी मायूसी में बदल गईं. 2 लाख नगद और एक पल्सर बाइक की मांग पूरी न होने पर दूल्हा शादी के मंडप से बारात लेकर वापस लौट गया.
ADVERTISEMENT
वरमाला तक सब ठीक था, फिर बदली नीयत
जानकारी के मुताबिक, सागर जिले के खुरई के भगवान दास चंदेल वार्ड की रहने वाली निशा की शादी रायसेन जिले के बेगमगंज (गोपालपुरा) निवासी सुरेंद्र बंसल से तय हुई थी. 19 तारीख की शाम को बारात बड़े ही उत्साह के साथ खुरई पहुंची. बारात का स्वागत हुआ, भोज हुआ और धूमधाम से वरमाला की रस्म भी पूरी कर ली गई. लड़की पक्ष और रिश्तेदार खुशियों में डूबे हुए थे कि अचानक वरमाला के तुरंत बाद दूल्हे सुरेंद्र बंसल और उसके पिता ज्ञानी बंसल ने लड़की वालों के सामने 2 लाख नगद और एक पल्सर मोटरसाइकिल की मांग रख दी.
मना करने पर गाली-गलौज और मारपीट की
दुल्हन के परिजनों का कहना है कि शादी तय होते वक्त ऐसी कोई बात नहीं हुई थी. वर पक्ष ने पहले कहा था कि उन्हें सिर्फ लड़की चाहिए, कोई दान-दहेज नहीं. लेकिन ऐन मौके पर मंडप में आकर वे अड़ गए. जब दुल्हन के परिवार ने अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए इतनी बड़ी रकम और बाइक देने में असमर्थता जताई, तो दूल्हा पक्ष के लोग विवाद करने लगे. विवाद इतना बढ़ा कि बात अभद्रता और मारपीट तक पहुंच गई. दूल्हे के भाई और चाचा ने गुस्से में आकर मंडप में ही वरमाला और पगड़ी फेंक दी और शादी से साफ इनकार करते हुए दूल्हे को साथ लेकर वापस चले गए.
दुल्हन का रो-रोकर बुरा हाल
एक तरफ जहां शादी के लिए मंडप सजा हुआ था, वहीं दूसरी तरफ दुल्हन की आंखों में आंसू थे. जिन हाथों में पिया के नाम की मेहंदी रची थी, वे पूरी रात अपने जीवनसाथी का इंतजार करते रह गए. इस घटना के बाद पीड़ित वधू पक्ष के राजकुमार बंसल ने खुरई शहरी थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने आवेदन पत्र के आधार पर दूल्हे सुरेंद्र बंसल और पिता ज्ञानी बंसल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115 (2) और दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3 के तहत केस दर्ज (FIR) कर लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT


