मध्य प्रदेश के शहडोल जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां शादी की रस्मों के बीच दुल्हन ने अचानक शादी करने से मना कर दिया. दुल्हन का आरोप है कि उसे जो फोटो दिखाई गई थी, दूल्हा वह शख्स नहीं है.
ADVERTISEMENT
शहडोल: मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में एक शादी समारोह उस वक्त हंगामे में बदल गया जब दुल्हन ने ऐन वक्त पर शादी करने से इनकार कर दिया. मामला गोपारू क्षेत्र का है, जहां बारात बड़े धूमधाम से पहुंची थी, लेकिन वरमाला की रस्म के दौरान दुल्हन ने दूल्हे को पहचानने से ही इनकार कर दिया और मंच से नीचे उतर गई.
क्या है पूरा मामला?
बताया जा रहा है कि गोपारू में शादी का मंडप सजा हुआ था और दोनों पक्षों के रिश्तेदार खुशियों में डूबे थे. रस्मों के मुताबिक जब वरमाला का समय आया, तो दूल्हे ने दुल्हन को जयमाला पहना दी. लेकिन जैसे ही दुल्हन की बारी आई उसने दूल्हे को गौर से देखा और माला पहनाने से साफ मना कर दिया.
दुल्हन का कहना था कि रिश्ता तय करते समय उसे जो लड़का (दूल्हा) दिखाया गया था, वह यह नहीं है. दुल्हन ने आरोप लगाया कि उसे 'हीरो' जैसा लड़का दिखाया गया था, जबकि सामने खड़ा शख्स कोई और है.
मनाने की कोशिशें रहीं नाकाम
इस अचानक हुए फैसले से शादी के घर में सन्नाटा पसर गया. परिजनों और रिश्तेदारों ने दुल्हन को काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपने फैसले पर अडिग रही. मामला इतना बढ़ गया कि दुल्हन ने खुद पुलिस को बुला लिया और सबके सामने अपना पक्ष रखा.
दूल्हा पक्ष की सफाई
वहीं, दूल्हा पक्ष का कहना था कि उन्होंने कोई गलत जानकारी नहीं दी और न ही कोई दहेज मांगा था. दूल्हे के परिवार ने पुलिस और समाज के सामने हाथ जोड़कर कहा कि वे किसी भी तरह का दबाव नहीं बनाना चाहते और खुशी-खुशी शादी करने आए थे.
बिना दुल्हन के लौटी बारात
काफी हंगामे और बातचीत के बाद भी जब बात नहीं बनी, तो पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से रिश्ता खत्म करने का फैसला लिया. आखिरकार, दूल्हे को बिना दुल्हन के ही बारात लेकर वापस लौटना पड़ा.
ADVERTISEMENT


