MP: रेंजर पति को होटल में लड़की के साथ पकड़ने वाली कांस्टेबल पत्नी का बड़ा आरोप, घर के अंदर मारपीट का CCTV वीडियो वायरल

रीवा के एक होटल में रेंजर पति को दूसरी लड़की के साथ पकड़ने वाली कांस्टेबल पत्नी के विवाद और अब घर के अंदर मारपीट के वायरल सीसीटीवी फुटेज सामने आई है.

रीवा का एक वीडियो हो रहा है वायरल
रीवा का एक वीडियो हो रहा है वायरल

आशुतोष शुक्ला

follow google news

मध्य प्रदेश के सतना में तैनात वन विभाग के रेंजर और पुलिस विभाग की महिला कांस्टेबल पत्नी के बीच का पारिवारिक विवाद अब बेहद हाईप्रोफाइल और कानूनी लड़ाई में तब्दील हो चुका है. रीवा के एक होटल के कमरे से शुरू हुआ यह हंगामा अब कथित मारपीट, घरेलू हिंसा और चोरी के आरोपों तक पहुंच गया है. इसी बीच सोशल मीडिया पर उनके सरकारी आवास का एक साल पुराना सीसीटीवी (CCTV) फुटेज वायरल हुआ है, जिसमें रेंजर पति अपनी कांस्टेबल पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट करता नजर आ रहा है.

Read more!

क्या है पूरा मामला?

विवाद की शुरुआत तब हुई जब सतना के बरौंधा थाने में तैनात महिला कांस्टेबल ने दावा किया कि बीते 15 जून को उन्होंने अपने रेंजर पति को रीवा के एक होटल में किसी दूसरी युवती के साथ रंगे हाथों पकड़ा था. पत्नी द्वारा विरोध किए जाने पर वहां काफी हंगामा हुआ, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया था, जिसमें एक युवती होटल के कमरे से भागती हुई दिखी थी और आरोप है कि रेंजर ने वहीं पर पत्नी की पिटाई भी की थी.

घर के अंदर बेरहमी से पिटाई का वीडियो वायरल

अब इस मामले में एक नया मोड़ आ गया है. सोशल मीडिया पर उनके सरकारी आवास के भीतर का एक सीसीटीवी फुटेज तेजी से वायरल हो रहा है, जो करीब 1 साल पुराना बताया जा रहा है. इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि घर के भीतर महिला कांस्टेबल के साथ कथित तौर पर बेरहमी से मारपीट की जा रही है. वीडियो में आ रही चीख-पुकार और हंगामे की आवाजें महिला द्वारा लगाए गए घरेलू हिंसा के आरोपों को और गंभीर बनाती हैं. हालांकि, वीडियो में एक अन्य शख्स बीच-बचाव करने की कोशिश भी कर रहा है.

कांस्टेबल पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप

अब महिला कांस्टेबल खुद कैमरे के सामने आई हैं और उन्होंने अपने पति पर पलटवार करते हुए कई गंभीर आरोप लगाए हैं. महिला कांस्टेबल का कहना है:

  • चोरी के झूठे आरोप: "मेरे पति ने मुझ पर दबाव बनाने के लिए गाड़ी चोरी और आईफोन (iPhone) चोरी की झूठी शिकायत दर्ज कराई है, जबकि गाड़ी 15 से 17 जून तक एक सर्विस सेंटर के सामने खड़ी थी जिसके सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शी मौजूद हैं."
  • कैश चोरी का इल्जाम गलत: "मुझ पर अलमारी से ₹2 लाख चोरी करने का आरोप लगाया गया है, जबकि 3 साल के वैवाहिक जीवन में मेरे पति ने कभी घर खर्च के अलावा ₹1 एक्स्ट्रा नहीं रखा. वह केवल 5 से 10 हजार रुपये ही घर पर रखते थे."
  • ऊपरी कमाई छुपाने का आरोप: महिला कांस्टेबल ने आरोप लगाया कि उनके पति अपनी सारी 'काली और ऊपरी कमाई' अपने भाई और पिता को दे देते हैं, जो करोड़ों रुपयों को रिश्तेदारों और दोस्तों में मैनेज करते हैं.

महिला कांस्टेबल ने मीडिया से न्याय की गुहार लगाते हुए कहा कि पति को दूसरी लड़की के साथ पकड़ने पर उनके साथ अन्याय और मारपीट की गई, और अब केस वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है.

पुलिस का क्या है कहना?

इस पूरे मामले पर बरौंधा थाने के टीआई (TI) अभिनव सिंह ने बताया कि वायरल हो रहा सीसीटीवी वीडियो उनके पास भी आया है, जो काफी पुराना है. पुलिस ने शिकायत और वायरल फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है.

बता दें कि इस पूरे विवाद के बीच सतना में तैनात रेंजर पति का तबादला सीधी जिले में कर दिया गया है, हालांकि विभाग के अनुसार यह एक सामान्य तबादला है, लेकिन इलाके में इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं.

 

    follow google news