सतना: पत्नी चिल्लाती रही-रोती बिलखती रही, बेबस मजदूर को बाल पकड़कर घसीटा, मूकदर्शक बने रहे लोग; जानें पूरा मामला

नागौद (सतना) में प्रॉपर्टी विवाद के चलते एक दबंग ने काम कर रहे बेबस मजदूर धीरू चौधरी को बाल पकड़कर बेरहमी से पीटा, जबकि उसकी पत्नी लोगों से बचाने की गुहार लगाती रही.

सतना से आया हैरान करने वाला मामला
सतना से आया हैरान करने वाला मामला

वेंकटेश द्विवेदी

follow google news

MP News: मध्य प्रदेश के सतना जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला एक हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है. यहां एक दबंग व्यक्ति ने काम कर रहे एक गरीब मजदूर के साथ ऐसी बेरहमी और हैवानियत की, जिसे देखकर लोगों के रोंगटे खड़े हो गए. इस पूरी घटना के दौरान मजदूर की बेबस पत्नी अपने पति को बचाने के लिए रोती-चिल्लाती रही, हाथ जोड़कर मिन्नतें करती रही, लेकिन आरोपी का दिल नहीं पसीजा.

Read more!

क्या है पूरा मामला?

यह पूरा मामला आपसी रंजिश और पारिवारिक प्रॉपर्टी विवाद से जुड़ा है, जिसकी बलि एक निर्दोष मजदूर को चढ़ना पड़ा. घटना सतना के नागौद बस स्टैंड स्थित चौराहे के पास की है. यहां एक पक्ष द्वारा बुलाए गए मजदूर धीरू चौधरी (निवासी सिमरवारा) एक मकान की छत पर साफ-सफाई और निर्माण कार्य कर रहे थे. इसी बीच पड़ोस में रहने वाले दूसरे पक्ष का आरोपी मनोज पोरवार वहां धमक पड़ा. उसने वहां पहुंचकर जबरन काम बंद कराने की कोशिश की और सीधे छत पर चढ़कर काम कर रहे गरीब मजदूर धीरू चौधरी को दबोच लिया.

बेबस पत्नी मांगती रही भीख, लोग बने रहे मूकदर्शक

अचानक हुए इस हमले से मौके पर चीख-पुकार मच गई. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दबंग व्यक्ति मजदूर को बेरहमी से पीट रहा है और उसके बाल पकड़कर घसीट रहा है. इस दौरान मजदूर की पत्नी आरोपियों के सामने हाथ जोड़कर लगातार अपने पति को छोड़ देने की भीख मांगती रही और चिल्लाती रही कि 'जेल जाओगे'.

महिला रोती-बिलखती रही और वहां मौजूद लोगों से मदद की गुहार लगाती रही, लेकिन समाज की संवेदनशीलता इस कदर मर चुकी थी कि वहां मौजूद लोग मूकदर्शक बनकर तमाशा देखते रहे. किसी ने भी आगे बढ़कर उस गरीब जोड़े को बचाने की जहमत नहीं उठाई.

पुलिस ने दर्ज किया केस, एससी-एसटी एक्ट के तहत कार्रवाई

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस के मुताबिक, पीड़ित मजदूर धीरू चौधरी की रिपोर्ट पर थाना नागौद में आरोपी मनोज पोरवार के खिलाफ मारपीट और एससी-एसटी (SC/ST) एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत अपराध पंजीकृत कर लिया गया है.

पुलिस ने बताया कि जिस प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा है, वहां एक पक्ष निर्माण कार्य करवा रहा था, तभी दूसरे पक्ष के आरोपी ने वहां पहुंचकर हैवानियत की हदें पार कर दीं. फिलहाल घटना का यह दर्दनाक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग सतना की कानून व्यवस्था और समाज की खामोशी पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं.


 

    follow google news