मध्य प्रदेश के उमरिया जिले से 'लव जिहाद' और ब्लैकमेलिंग का बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक मुस्लिम डॉक्टर पर आरोप है कि उसने पहले तो असली धार्मिक पहचान छिपाई, खुद को हिंदू बताया और एक महिला को प्रेम के जाल में फंसाकर और उसके साथ दुष्कर्म किया. इतना ही नहीं, आरोपी ने युवती के पर्सनल वीडियो और तस्वीरें बनाकर उसे ब्लैकमेल किया और लाखों रुपये भी ऐंठ लिए. पीड़ित युवती की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
ADVERTISEMENT
अभिषेक सिंह बनकर की दोस्ती, फिर असली चेहरा आया सामने
यह पूरा मामला उमरिया जिले के चंदिया थाना क्षेत्र का है. पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी डॉक्टर हारून मोहम्मद खान ने साल 2025 में उससे दोस्ती की थी. दोस्ती के वक्त हारून ने अपना नाम बदलकर 'अभिषेक सिंह परिहार' बताया था. युवती को उसकी हिंदू पहचान पर पूरा भरोसा हो गया. लेकिन कुछ समय बाद जब युवती को पता चला कि जिसे वह अभिषेक समझ रही थी, वह असल में हारून मोहम्मद खान है, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई.
वीडियो वायरल करने की धमकी देकर मांगे 25 लाख
पीड़िता के अनुसार, जब उसने हारून की असलियत जानने के बाद उसका विरोध करना शुरू किया, तो आरोपी ने अपना असली रंग दिखाया. हारून ने युवती को धमकी दी कि उसके पास उसकी कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें और निजी वीडियो हैं. अगर उसने बात नहीं मानी तो वह इन्हें सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा.
आरोपी ने इन वीडियो को डिलीट करने और मामला दबाने के एवज में युवती से ₹25 लाख की भारी-भरकम रकम की मांग की. बदनामी के डर से पीड़िता ने धीरे-धीरे ऑनलाइन और अन्य माध्यमों से करीब ₹8 लाख रुपये आरोपी डॉक्टर को दे दिए. लेकिन इसके बावजूद आरोपी की डिमांड कम नहीं हुई और ब्लैकमेलिंग का सिलसिला लगातार चलता रहा. अंत में परेशान होकर पीड़िता ने चंदिया थाने में न्याय की गुहार लगाई.
पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को भेजा जेल
युवती की शिकायत मिलते ही चंदिया थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल एफआईआर (FIR) दर्ज कर आरोपी डॉक्टर हारून को हिरासत में ले लिया. शुरुआती पूछताछ और सबूतों के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.
इस मामले पर पुलिस अधिकारी ने बताया, "चंदिया निवासी चिकित्सक हारून के खिलाफ दुष्कर्म और पहचान छुपाकर धोखाधड़ी करने की शिकायत मिली थी. तथ्यों को वेरीफाई करने के बाद तत्काल एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. मामले की विस्तृत विवेचना जारी है."
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान आरोपी के सोशल मीडिया अकाउंट्स से कुछ कथित चैट भी सामने आए हैं, जिनमें आपत्तिजनक बातें लिखी हैं. हालांकि, पुलिस का कहना है कि इन चैट्स की असलियत डिजिटल और फॉरेंसिक जांच के बाद ही पूरी तरह साफ हो पाएगी. फिलहाल पुलिस मोबाइल फोन, डिजिटल साक्ष्यों और बैंक लेनदेन की गहनता से जांच कर रही है.
ADVERTISEMENT


