मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले से एक बेहद ही अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जिसे देखकर आप भी हैरत में पड़ जाएंगे. अक्सर लोग ट्रैफिक चालान से बचने के लिए कई तरह के बहाने बनाते हैं, लेकिन ग्वालियर के भितरवार थाने में जो हुआ, उसने पुलिसकर्मियों के भी होश उड़ा दिए. यहां एक महिला ने अपने पति की बाइक का चालान कटने से बचाने के लिए ऐसा पैंतरा अपनाया कि पुलिस को हार मानकर बाइक की चाबी लौटानी पड़ी.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, भितरवार थाना क्षेत्र में पुलिस द्वारा सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था. इस दौरान पुलिस ने बिना हेलमेट और जरूरी कागजात के बिना बाइक चला रहे एक युवक को रोक लिया. ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने पर पुलिस ने युवक पर चालानी कार्रवाई शुरू कर दी और उसकी बाइक की चाबी जब्त कर ली. युवक ने चालान भरने से इनकार किया, जिसके बाद मामला थाने तक पहुँच गया.
थाने में 'माता' का हाई वोल्टेज ड्रामा
जैसे ही बाइक जब्त होने की खबर युवक की पत्नी को मिली, वह भी थाने पहुँच गई. पहले तो पति-पत्नी ने पुलिस से गाड़ी छोड़ने की मिन्नतें कीं, लेकिन जब पुलिस नहीं मानी, तो अचानक महिला ने "माता आने" का दावा करते हुए अजीबोगरीब व्यवहार शुरू कर दिया. महिला थाने के अंदर ही जोर-जोर से चिल्लाने और झूमने लगी. महिला के इस बर्ताव से थाने में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और पुलिसकर्मी भी असमंजस में पड़ गए.
₹50 की भेंट और मिल गई चाबी
हालात बिगड़ते देख और महिला को शांत कराने के लिए मौके पर मौजूद एक पुलिसकर्मी ने कथित तौर पर महिला को ₹50 की भेंट दी. "माता" के इस ड्रामे के सामने पुलिस के नियम-कायदे भी धरे के धरे रह गए. अंततः पुलिस ने चालानी कार्रवाई किए बिना और युवक को समझाइश देकर बाइक की चाबी लौटा दी और दंपती वहां से रवाना हो गए.
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
थाने में हुए इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. नेटिजन्स इसे चालान से बचने का "अनोखा और स्वदेशी तरीका" बता रहे हैं. दिलचस्प बात यह है कि ग्वालियर के डबरा इलाके में भी पहले ऐसी ही एक घटना सामने आ चुकी है. लोग इस वीडियो पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और इसे "अजब एमपी की गजब कहानी" कह रहे हैं.
ये भी पढ़ें: शंपा पांडे मौत मामला: क्या पेंटहाउस में चल रहा था 'देह व्यापार'? हिजाब वाली लड़कियों की तस्वीरों से मचा हड़कंप
ADVERTISEMENT


