मध्य प्रदेश के लोगों के लिए मौसम विभाग (IMD) की तरफ से एक बहुत बड़ी गुड न्यूज़ आ रही है. जिस मॉनसून का हम सब बड़ी बेसब्री से इंतज़ार कर रहे थे उसने आखिरकार मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में अपनी धांसू एंट्री मार दी है. मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून आगे बढ़ते हुए सूबे के एक बड़े इलाके को अपने आगोश में ले चुका है. इसका सीधा मतलब यह है कि अब भीषण नौतपा और जून की झुलसाने वाली गर्मी के दिन लदने वाले हैं. हालांकि, मौसम का मिजाज अभी पूरी तरह से बदला नहीं है। IMD की ताजा अनुमान के अनुसार, 25 जून 2026 को पूरे मध्य प्रदेश में एक जैसा मौसम नहीं रहने वाला है. राज्य को दो अलग-अलग हिस्सों- पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश- के हिसाब से समझें तो कहीं पर मेघ मेहरबान रहेंगे, तो कहीं पर उमस पसीने छुड़ाएगी. आइए बेहद आसान शब्दों में जानते हैं कि आपके जिले में कल मौसम का क्या हाल रहने वाला है.
ADVERTISEMENT
पश्चिमी मध्य प्रदेश
अगर आप इंदौर, भोपाल या उज्जैन संभाग में रहते हैं तो कल आपके यहां मौसम सुहाना रहने की पूरी उम्मीद है। पश्चिमी हिस्से के जिलों में मॉनसून तेजी से सक्रिय हो रहा है. भोपाल, इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर संभाग: इन इलाकों में आसमान में बादलों का डेरा रहेगा. मौसम विभाग ने बताया है कि दिन के समय बारिश की 65% संभावना है जबकि रात होते-होते हल्की बारिश (करीब 55% चांस) जारी रह सकती है. इस इलाके में अधिकतम तापमान 33°C के आसपास रहेगा, वहीं रात का न्यूनतम तापमान 26°C तक गिर सकता है. यानी दिन में हल्की गर्मी तो रहने का अनुमान तो है लेकिन बारिश के बाद हवा में ठंडक घुल जाएगी.
पश्चिमी जिलों में गरज-चमक के साथ-साथ तेज रफ्तार से हवाएं (Thundersquall) चल सकती हैं. कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इसलिए जब बिजली कड़क रही हो तो पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें.
पूर्वी मध्य प्रदेश
पूर्वी मध्य प्रदेश की कहानी थोड़ी अलग है. यहां रहने वाले लोगों को अभी मॉनसून का पूरी तरह लुत्फ उठाने के लिए थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है. जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग, इन क्षेत्रों के कई जिलों में IMD ने 'हीट वेव' (Heat Wave यानी लू) का अलर्ट जारी किया है. दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में कल भी सूरज के तेवर तल्ख रहेंगे. इस हिस्से में दोपहर के वक्त तेज धूप और उमस (Humidity) लोगों को परेशान करेगी. हालांकि, शाम होते-होते स्थानीय सिस्टम की वजह से आसमान में बादल छा सकते हैं और कुछेक जगहों पर गरज-चमक के साथ बौछारें गिर सकती हैं, लेकिन कुल मिलाकर, गर्मी से पूरी राहत मिलने में एक-दो दिन का समय और लगेगा.
मौसम विभाग ने साफ कहा है कि इस दौरान राज्य के कई हिस्सों में 'मॉडरेट से सीवियर लाइटनिंग' यानी मध्यम से तेज स्तर की बिजली गिरने की आशंका है. बारिश या आंधी के वक्त अपने इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को बंद रखें और सुरक्षित स्थानों पर शरण लें. 25 जून को एमपी का मौसम 'कहीं खुशी, कहीं गम' जैसा रहने वाला है. पश्चिमी जिलों के लोग जहां पकोड़े तलने की तैयारी कर सकते हैं वहीं पूर्वी जिलों के भाई-बहनों को थोड़ा संभलकर रहने और पानी पीते रहने की जरूरत है.
ADVERTISEMENT


