MP Weather: मध्य प्रदेश में फरवरी का आखिरी सप्ताह मौसम के लिहाज से राहत भरा रहने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग, भोपाल द्वारा जारी ताजा बुलेटिन के अनुसार 27 फरवरी 2026 को प्रदेश के सभी जिलों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा. कहीं भी बारिश या चेतावनी जारी नहीं की गई है.
ADVERTISEMENT
बीते 24 घंटे: कहीं हल्की बारिश, बाकी जगह मौसम साफ
26 फरवरी की सुबह 8:30 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में जबलपुर संभाग के कुछ इलाकों में हल्की वर्षा दर्ज की गई, जबकि बाकी सभी संभागों में मौसम शुष्क रहा. छिंदवाड़ा जिले में वज्रपात और हल्की बारिश की सूचना है. अमरवाड़ा में 0.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई.
अधिकतम तापमान में खास बदलाव नहीं हुआ. ग्वालियर संभाग के जिलों में तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस तक अधिक रहा. वहीं न्यूनतम तापमान चंबल संभाग में सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक दर्ज किया गया.
सबसे ज्यादा और सबसे कम तापमान वाले जिले
प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस खंडवा में दर्ज किया गया. इसके बाद अलीराजपुर और खरगोन में 34.4 डिग्री, बड़वानी के तालुन में 33.9 डिग्री, राजगढ़ और उज्जैन में 33.5 डिग्री तथा नर्मदापुरम में 33 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ.
वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस कटनी जिले के करौंदी में दर्ज हुआ. शहडोल के कल्याणपुर में 9.4 डिग्री, पचमढ़ी (नर्मदापुरम) में 9.8 डिग्री, शाजापुर के गिरवर में 10.6 डिग्री और उमरिया में 11.6 डिग्री तापमान रहा.
भोपाल में कैसा रहेगा 27 फरवरी का मौसम?
भोपाल और आसपास के क्षेत्रों के लिए 27 फरवरी की सुबह 8:30 बजे तक का पूर्वानुमान जारी किया गया है. आकाश मुख्यतः साफ रहेगा, हल्की धुंध रह सकती है. हवा की औसत रफ्तार 8 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी. अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
26 फरवरी को भोपाल में अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री और न्यूनतम 15 डिग्री दर्ज किया गया. सुबह 8:30 बजे आर्द्रता 69 प्रतिशत रही. पिछले 24 घंटे में बारिश नहीं हुई.
अगले तीन दिन: तापमान में बढ़ोतरी के संकेत
मौसम विभाग के आउटलुक के अनुसार अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि हो सकती है. पूर्वानुमान में 27 फरवरी से 5 मार्च के बीच उत्तर और उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहने की संभावना जताई गई है, जबकि बाकी हिस्सों में तापमान सामान्य के आसपास रहेगा.
पूरे प्रदेश में 27 फरवरी को कैसा रहेगा मौसम?
10 दिन के वर्षा पूर्वानुमान के अनुसार 27 फरवरी को पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश दोनों हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा. किसी भी जिले में भारी बारिश या आंधी-तूफान की चेतावनी नहीं है.
ADVERTISEMENT

