मध्य प्रदेश में 11 जून को मौसम का मिजाज बदला-बदला रहने वाला है. एक तरफ कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना है, वहीं दूसरी ओर कुछ इलाकों में गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर सकती है. मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी और दक्षिणी मध्य प्रदेश के कई जिलों में आंधी, बिजली गिरने और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं.
ADVERTISEMENT
मध्य प्रदेश में 11 जून को कैसा रहेगा मौसम?
भारत मौसम विज्ञान विभाग, भोपाल के अनुसार 11 जून को प्रदेश के कई जिलों में मौसम सक्रिय रहेगा. नमर्दापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर और पांढुर्णा जिलों में कहीं-कहीं बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. शेष जिलों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है.
इन जिलों में आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट
मौसम विभाग ने उमरिया, कटनी और जबलपुर जिलों के लिए 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने तथा गरज-चमक की चेतावनी जारी की है. वहीं नमर्दापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, शहडोल, डिंडोरी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, दमोह, मैहर और पांढुर्णा जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
पिछले 24 घंटे का मौसम कैसा रहा?
बीते 24 घंटों के दौरान रीवा संभाग के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई. चंबल, जबलपुर, शहडोल और सागर संभाग के कुछ हिस्सों में भी वर्षा हुई, जबकि अन्य क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहा. छतरपुर जिले के खजुराहो में लू का प्रभाव देखने को मिला. कई स्थानों पर गरज-चमक, आंधी और ओलावृष्टि भी दर्ज की गई.
सबसे ज्यादा गर्म रहा खजुराहो
प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस खजुराहो (छतरपुर) में दर्ज किया गया. इसके अलावा दतिया में 44 डिग्री सेल्सियस, राजगढ़, रीवा और टीकमगढ़ में 43 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ. नौगांव (छतरपुर) और ग्वालियर में 42.8 डिग्री तथा सतना में 42.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.
इन जिलों में तापमान रहा अपेक्षाकृत कम
गर्मी के बीच कुछ स्थानों पर मौसम अपेक्षाकृत राहत भरा रहा. पचमढ़ी (नर्मदापुरम) में अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा. अमरकंटक (अनूपपुर) में 37.1 डिग्री, कटनी के करौंदी क्षेत्र में 37.6 डिग्री, नीमच के मरुखेड़ा में 37.8 डिग्री तथा मंदसौर, देवास और सिवनी में 38 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया.
प्रमुख जिलों का अधिकतम तापमान
भोपाल में 40 डिग्री सेल्सियस, खजुराहो (छतरपुर) में 46 डिग्री, दतिया में 44 डिग्री, राजगढ़ में 43 डिग्री, रीवा में 43 डिग्री, टीकमगढ़ में 43 डिग्री, ग्वालियर में 42.8 डिग्री, नौगांव (छतरपुर) में 42.8 डिग्री और सतना में 42.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. वहीं पचमढ़ी में 35.2 डिग्री, अमरकंटक में 37.1 डिग्री, कटनी में 37.6 डिग्री और नीमच में 37.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा.
अगले दो दिनों का मौसम
मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. इसके बाद अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है. मानसून की प्रगति भी जारी है और आगामी दिनों में प्रदेश के अधिक हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां बढ़ सकती हैं.
कुल मिलाकर 11 जून को मध्य प्रदेश में मौसम मिश्रित रहेगा. पूर्वी, दक्षिणी और कुछ मध्य जिलों में बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक की संभावना है, जबकि उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में गर्मी का असर बरकरार रह सकता है. लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
ADVERTISEMENT


